टडियावां के सगरापुर में बुखार की चपेट में दो सौ घर

ब्लॉक टडियावां क्षेत्र के गांव सगरापुर व चार मजरों में मलेरिया व टाइफाइड बुखार फैलने से करीब दो सौ घर बुखार से पीड़ित हैं । लेकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टडियावा द्वारा अभी तक इस गांव में कोई टीम नहीं भेजी गई है । गांववासियों ने जिलाधिकारी से टीम भेजने व दवा वितरित कराने की मांग की है ।

 

सगरापुर ग्राम प्रधान रामबेटी ने बताया कि मजरा लुगाई पुरवा, बुलबुला पुरवा, बढ़ियन पुरवा, रतनपुरवा में मलेरिया व टाइफाइड बुखार फैला हुआ है । इस गांव की आबादी 1200 के करीब है और यह दलित बाहुल्य गांव है ।  पीड़ितों ने बताया कि हाथ व पैरों में दर्द के साथ बुखार आता है । गांववासी अर्जुन लाल, रमेश चंद्र, संतोष कुमार, लाल बहादुर आदि लोगों ने बताया कि उनके द्वारा समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम को अवगत कराया था लेकिन आज तक यहां पर कोई नहीं आया । जबकि मरीजों की संख्या दिन पर दिन बढ़ती जा रही है ।