व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष और भाजपा के नेता पर जानलेवा हमला

माधौगंज कस्बे के नवल किशोर माहेश्वरी है कंछल गुट के व्यापारी नेता, मंदिर से पूजा कर वापस आते समय किया तमंचे से फायर फिर 15 से अधिक लोगों ने घर मे घुसकर की मारपीट हवाई फायर

           हरदोई- माधौगंज कस्बे में  व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष और भाजपा नेता पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया और फिर घर मे घुसकर मारपीट की और हवाई फायर किए।आसपास के लोगों ने एक हमलावर को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।घायल व्यापारी नेता को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।पुलिस ने मामले में जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
             माधौगंज कस्बे के निवासी नवल किशोर माहेश्वरी उद्योग व्यापार मंडल कंछल गुट के जिलाध्यक्ष है और लोकसभा मिश्रिख के भाजपा के सरकारी योजनाओं के प्रसार समिति के प्रभारी है।नवल किशोर माहेश्वरी के मुताबिक वह रोज की भांति अपने घर से मंदिर में पूजा करने गए थे जहां से जब वह वापस आ रहे थे तो कुछ दूर पर सदरपुर बेहटी निवासी अनिल यादव अपने कई अन्य साथियों के साथ मौजूद था।बताया कि उसने उनको देखा तो गाली गलौज कर उनको मारने के लिए तमंचे से फायर कर दिया।यह देख वह वहां से भाग कर घर पहुंचे।
            बताया कि इसी के कुछ देर बाद अनिल अपने साथ करीब 15 अन्य लोगों को लेकर घर पर चढ़ आया और गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगा और दहशत फैलाने के लिए उसने व उसके साथियों ने भी कई राउंड फायर किए।आसपास के लोगों की भीड़ हंगामा फायर सुनकर एकत्र हो गयी तो वह लोग भागने लगे तो अनिल यादव को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवालर कर दिया।
            व्यापारी नेता पर जानलेवा हमला होने की खबर लगते ही थाने पर भारी भीड़ जुट गई।जानकारी मिलते ही सीओ बिलग्राम भी मौके पर पहुंचे।व्यापारी नेता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली और उसे इलाज व डॉक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।घटना से कस्बे में दहशत का माहौल है।व्यापारी नेता ने पुरानी रंजिश को लेकर हमला किये जाने की बात बताई है।एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाई की जा रही है।