हरदोई 24 नवंबर- पिहानी थाना क्षेत्र के अगौना गांव के समीप बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। जिसमें बाइक पर सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई तो दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। तीसरे की हालत नाजुक बताई गई है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।
थाना क्षेत्र के अगौना गांव निवासी परमाईलाल (36) पुत्र बलराम शुक्रवार की शाम कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाला इलाके के कुल्लहा घाट पर मेले को देखने निकला। उसके साथ चचेरा भाई किंदरलाल (30) पुत्र रामकिशुन व रामदयाल (35) पुत्र श्रीकृष्ण भी चलने को तैयार हो गए। तीनो एक ही बाइक से निकल पड़े। बताया गया कि बाइक परमाईलाल की थी और उसे रामदयाल चला रहा था। तीनो मेला देखकर देर शाम घर को वापस निकले। जैसे ही उनकी बाइक गांव किनारे पहुंची तो अचानक चालक का संतुलन खो गया और बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक रामदयाल की मौके पर ही मौत हो गई वहीं दोनो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी ग्रामीणों ने परिजनो व पुलिस को दी। पुलिस व परिजन मौके पर पहुंचे। सभी को पिहानी सीएचसी पहुंचाया गया जहां पहुंचकर किंदरलाल ने भी दम तोड़ दिया। वहीं परमाईलाल की हालत गंभीर देखकर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शनिवार को दोनो के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनो के सुपुर्द कर दिया गया है। मृतक किंदरलाल के परिवार में एक पुत्री गोल्डी व पत्नी इन्द्राणी, रामदयाल के परिवार में पत्नी माधुरी व दो पुत्रियां बताई गई है। हादसे से दोनो के परिजनो में कोहराम मचा हुआ है। घायल का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जिस बाइक से हादसा हुआ उसे परमाईलाल ने 7 दिन पूर्व ही खरीदा था। घायल के अनुसार बाइक का अचानक हैंडल जाम हो गया। जिसके बाद ब्रेक भी नहीं लगी और हादसा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले को अनहोनी बता रही है।