शासन के निर्देशानुसार प्रयागराज (उ0प्र0) में आयोजित होने वाले कुम्भ मेले को ध्यान में रखते हुए जनपद की गंगा एवं सहायक नदियों में गन्ना मिल एवं अन्य उद्योगों से गिरने वाले दूषित पानी को रोकने तथा जल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सम्बन्ध में कलेक्ट्रट सभागार में आहूत बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी पुलकित खरे ने उपस्थित चीनी मिलो एवं उद्योगों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिये कि 15 दिसम्बर से कुम्भ के अन्त तक गंगा एवं सहायक नदियों में किसी प्रकार का प्रदूषित जल आदि न छोड़ा जाये।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी इकाइयां प्रदूषण विभाग की आने वाली जांच टीम को अपने संस्थान की जांच में सहयोग करे और प्रदूषण विभाग की जांच टीम एवं नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारी मिलकर जनपद में स्थित आसवनी इकाइयों की जांच कर किसी भी प्रकार के उत्प्रवाह जैसे स्पेण्टवाश, स्पेण्टलीज, बाटल वाशिंग, कूलिंग आदि का नदी/नाले/भूमि पर शून्य उत्प्रवाह निस्तारण कराना सुनिश्चित करेगें। उन्होने इकाइयों के प्रतिनिधियों से कहा कि बैठक में जिन बिन्दुओं के सम्बन्ध में प्रदूषण अधिकारी द्वारा जानकारी दी गयी है उनका पालन करें और जिन इकाइयों द्वारा आदेशों का पालन नही करेगी उनके विरूद्व कार्यवाही की जायेगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग लालजीत सिंह, सी0ओ0 विजय कुमार राना, प्रदूषण विभाग के अधिकारी आदि मौजूद रहे।