घर में घुसकर चोरों ने लाखों का सामान चुराया

हरदोई 23 दिसंबर- शहर में आए दिन होने वाली चोरियों का सिलसिला जारी है। पुलिस चोरों पर शिकंजा नहीं कस पा रही है। आए दिन किसी न किसी गृहस्वामी को चोरो के कहर का शिकार होना पड़ रहा है। फिलहाल शहर की पुलिस पर चोर भारी साबित हो रहे हैं। पुलिस चोरी की बढ़ रही घटनाओं पर अंकुश लगाने में नाकामयाब साबित हो रही है। चोरों ने एक और घर को निशाना बनाकर गृहस्थी व जेवरात बीन ले गए।

लखनऊ रोड पर बीएसएनएल कार्यालय के समीप हुई लाखों की चोरी का घटना अभी तक खुलासा नहीं हो सका। इसी कड़ी में रविवार की सुबह एफसीआई गोदाम के समीप एक मकान को निशाना बनाकर चोरों की ओर से लाखों के जेवरात व जरूरत की वस्तुओं चोरी होने का मामला प्रकाश में आ गया। पुलिस को दी गई तहरीर में मोहल्ला बिरहाना निवासी रवि वर्मा पुत्र देवीदयाल ने बताया कि रात को घर के सभी लोग खाना खाकर सो गए। सुबह जगे तो घर में सारा सामान उथल-पुथल मिला। इसपर तिजोरी देखी गई तो उसमे से सोने की दो चैन, पांच अगूठी, दो जोड़ी पायल, एक मिक्शी तीन डाइनिंग सेट, पांच कुकर, एसी का इस्टेब्लाइजर, 25 साड़़ी, एक गत्ता पीतल के बर्तन, 10 परदा, 1 होमथियेटर गायब मिला। परिवारीजनो के अनुमान के अनुसार रात के समय चोरों ने खिड़की से घर में घुसकर लाखों रुपए का सामान चोरी कर लिया है। इस बात की सूचना परिजनों को सुबह लगी रवि वर्मा की सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली सदर पुलिस छानबीन कर मुकदमा दर्ज करने की बात कही है। पुलिस के अनुसार मामले की एफआईआर दर्ज कर छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।