हरदोई 14 फरवरी- नगर के रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पार करते समय अचानक ट्रेन की चपेट में आकर एक अधेड़ की जान चली गई। जीआरपी ने उसके पास से मिले आधार कार्ड के पते पर परिजनो को जानकारी दी। परिजनो के पहुंचने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
कोतवाली देहात के भटेउरा गांव निवासी अशर्फीलाल (58) पुत्र लाखन जानकारी के मुताबिक खेतीबाड़ी का काम करता था। बुधवार की शाम अपनी मां की तबीयत खराब होने के कारण वह दवा लेने के लिए करना स्टेशन से ट्रेन पर सवार हुआ। यहां नगर के रेलवे स्टेशन पर वह ओवरब्रिज का इस्तेमाल न करते हुए सीधे ट्रैक पार करने लगा। इसी बीच अचानक मालगाड़ी आ गई। जिससे मौके पर उसकी दर्दनाक मौत हो गई। यात्रियों की सूचना पर फौरन जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची। शव के पास से बरामद हुए कागजातों के आधार पर परिजनो को जानकारी दी गई। गुरूवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनो के सुपुर्द कर दिया गया। हादसे से परिजनो में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के परिवार में पुत्र विजय व प्रकाश बताए गए है।