अलग-अलग दो सड़क हादसों में 5 की गई जान

हरदोई- बघौली थाना इलाके में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार साले, बहनोई समेत तीन की मौत हो गयी और शहर कोतवाली क्षेत्र में ट्रक व कार की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गयी । आज हुए इन दो सड़क हादसों में 5 लोगों की मौत हो गयी। इनमें एक व्यक्ति घायल भी हो गया है । पुलिस ने सभी के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।    

बघौली थाना क्षेत्र के बक्सखेड़ा निवासी रामशरण के पुत्र सितांशू का दीवाई संस्कार कार्यक्रम था। जिसमे शामिल होने के लिए कासिमपुर थाना इलाके के मुन्नाखेड़ा निवासी राजेन्द्र प्रसाद 40 अपने साढू मंशाराम 45 निवासी बढ़ाइन खेड़ा बेनीगंज व अपने साले मंशाराम 35 पुत्र सुंदरलाल निवासी मर्दनखेड़ा कासिमपुर के साथ अपनी ही बाइक से गये हुए थे। देर रात तीनों एक ही बाइक से वापस जाने के लिए निकले तो बघौली थाना इलाके के ही प्रतापनगर बघौली मार्ग पर हुसैनपुर के पास अज्ञात वाहन ने उनको कुचल दिया जिससे तीनों की मौत हो गयी। कई घण्टे बाद मामले की जानकारी पुलिस को लगी तो पुलिस सभी को कछौना समुदायिक केंद्र लाई जहां सभी को मृत घोषित कर दिया गया।मामले की सूचना परिजनों को दी गयी तो सुबह परिजन भी अस्पताल पहुंचे।        

राजेन्द्र प्रसाद दिल्ली के संगम विहार में अग्रवाल इंटरप्राइजेज में ट्रक चालक के रूप में काम करता था जबकि मंशाराम चंडीगढ़ में एक सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था और दोनों रविवार को ही घर आये थे। पुलिस ने सभी के शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। कयास लगाए जा रहे है कि यह हादसा ट्रक की चपेट में आने से हुआ है।          

दूसरा हादसा शहर कोतवाली क्षेत्र के कसरावां में बिलग्राम रोड पर हुआ। यहां कानपुर से अखबार लाने वाली एक बोलैरो ट्रक की चपेट में आ गयी । जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए और बोलैरो पर सवार शाहाबाद कोतवाली व कस्बा के मोहल्ला चौक के निवासी शिवम गुप्ता और मोहल्ला कटरा निवासी अवधेश प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि शाहाबाद के रहने वाले सुमित गुप्ता भी गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे के बाद जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। सीओ सिटी विजय राणा ने बताया कि हादसों को अंजाम देने वाले वाहनों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाई की जा रही है।