कछौना कोतवाली के सामने वाहनों की तलाशी में पुलिस ने ज़ब्त किए डेढ़ लाख रुपए

कछौना- चुनाव की दस्तक और आदर्श आचार संहिता प्रभावी होने के चलते चुनाव में अवैध धन के प्रयोग पर नकेल लगाने को लेकर स्थानीय कोतवाली गेट पर वाहन चेंकिग कर लगभग डेढ़ लाख की रकम जब्त की गयी।         

आदर्श आचार संहिता के प्रभावी होने व चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश के चलते सोमवार की दोपहर लगभग डेढ़ बजे लखनऊ-हरदोई मुख्य मार्ग पर कोतवाली गेट के सामने वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। वाहन चेकिंग के दौरान दो अलग अलग कारों से ₹155600 बरामद किये गये। चुनाव में अवैध धन प्रयोग पर अंकुश लगाने को लेकर उड़नदस्ता टीमों का गठन किया गया है। कस्बे में कोतवाली गेट के सामने पुलिस और उड़नदस्ता टीम के संयुक्त वाहन चेकिंग अभियान में एक कार में सवार मो. इकबाल पुत्र गाजी निवासी रामलीला रोड पिहानी के पास से ₹87600 और राजीव निवासी शाहाबाद से ₹68000 की नकदी बरामद की। उड़न दस्ता टीम के इन्चार्ज श्याम नारायण ने बताया कि उक्त दोनों लोगों द्वारा बरामद रकम के बाबत कोई दस्तावेज प्रस्तुत न करने के चलते रकम जब्त कर ली गयी है। वहीं चेकिंग के दौरान वाहनों के शीशों पर लगी काली फिल्म को पुलिसकर्मियों द्वारा उतारा गया।