डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय-
नागपुर में आज (१० नवम्बर) खेले गये तीसरे और अन्तिम टी-20 मैच में भारत ने बांग्लादेश को ३० रनों से पराजित कर २-१ से सीरीज़ जीत ली है। अपना प्रथम अन्तरराष्ट्रीय मैच खेलते हुए शिवम दुबे ने विषम परिस्थितियों में लगातार दो ओवरों में तीन विकेट लेकर जीत की नीवँ रख दी थी; वहीं दीपक चहर की घातक गेंदबाज़ी बांग्लादेशी बल्लेबाज़ों को बेअसर करती दिख रही थी। दीपक ने हेट्रिक किया था। टी-20 के इतिहास में दीपक चहर ने ७ रनों पर ६ विकेट लेकर एक विश्वकीर्तिमान बना लिया है और टी-20 मैच में हेट्रिक करनेवाले प्रथम गेंदबाज़ बने हैं। इससे पहले यह कीर्तिमान श्रीलंका के स्पिनर अजन्ता मेण्डीस के नाम था, जिन्होंनेे ८ रन देकर ६ विकेट लिये थे। यद्यपि बांग्लादेश का दल पराजित हो गया था तथापि बांग्लादेश के खिलाड़ियों ने शानदार-जानदार प्रदर्शन किये थे।
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय किया था। भारत ने ५ विकेटों पर १७४ रन बनाये थे। भारत की ओर से श्रेयस अय्यर, के० एल० राहुल तथा मनीष पाण्डेय ने शानदार बल्लेबाज़ी की थी। जवाब में बांग्लादेश के सभी खिलाड़ी १९.२ ओवरों में १४४ रन बनाकर आऊट हो चुके थे। बांग्लादेश की ओर से मो० नईम ने प्रभावकारी बल्लेबाज़ी की थी। इस पूरी सीरीज़ में बांग्लादेश के युवा खिलाड़ियों ने अपने को प्रत्येक स्तर पर प्रभावित किया है।
‘मैन ऑव़ द मैच’ और ‘मैन ऑव़ द सीरीज़’ के पुरस्कार भारत के सर्वाधिक प्रभावक गेंदबाज़ दीपक चहर को दिये गये हैं।
(सर्वाधिकार सुरक्षित : डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; १० नवम्बर, २०१९ ईसवी)