राहुल मिश्र, बघौली
बघौली, हरदोई : प्रदेश में पुलिस की छवि बहुत अच्छी नहीं है । पुलिस को लोग तरह-तरह से परिभाषित करते हैं । पर शासन व प्रशासन पुलिस विभाग से अपनी छवि सही कर मित्र पुलिस के रूप में पेश आने का निर्देश देता है । यह पुलिस विभाग उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करता है, जिसकी तरह-तरह की मिसालें आए दिन मीडिया व सोशल मीडिया पर दिखाई देती है ।
आज बघौली में थानाध्यक्ष बघौली फूलचंद सरोज जब अपने दल बल के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग करने के लिए आर्यावर्त बैंक बघौली शाखा पर गए तो वहां चेकिंग के दौरान उन्हें कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं दिखा । भीड़ बहुत थी जब चेकिंग के दौरान भीड़ में एक किनारे पर जाकर देखा तो लगभग 90 साल की एक गरीब विधवा महिला एक कोने में बैठी थी, जो भीड़ हटने के बाद अपनी बारी का इंतजार कर रही थी । थानाध्यक्ष बघौली ने तत्काल उस बूढ़ी महिला को सहारा देकर भीड़ से किनारे ले जाकर भुगतान करवाया । जिसके बाद उस बूढ़ी महिला ने थानाध्यक्ष बघौली की पीठ थपथपाते हुए कहा “पूत खूब आगे बढ़ो, दिन दूनी रात चौगुनी उन्नति हो । भगवान करें सब पुलिस वाले तुम्हारे जैसे हुई जाए ।” इतना सुनने के बाद थानाध्यक्ष बघौली ने बैंक सुरक्षा में तैनात गार्डों को तत्काल निर्देश दिया की यदि कोई वृद्ध दिव्यांग असहाय व्यक्ति दिखाई पड़े तो तत्काल उसकी सहायता करते हुए उसका कार्य जल्द से जल्द करवाने में सहायता करें । यह देख कर आसपास के लोगों ने कहा कि थानाध्यक्ष बघौली ने चेकिंग के दौरान कोई अराजक तत्व तो नहीं पाया परंतु एक मां जरूर पा ली ।