फर्जी मैरिज ब्यूरो सरगना समेत लड़कियों के 3 सौदागर गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर करते थे ठगी

कौशाम्बी : यूपी के कौशांबी जिले की एसओजी व कोखराज पुलिस ने फर्जी मैरिज ब्यूरो का भंडाफोड़ किया है। यह लोग गैर प्रान्त व जनपद के लोगों को शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लेते थे और उनसे मोटी रकम लेकर बगैर दुल्हन के ही बैरंग लौटा देते थे। जिले में यह खेल काफी लंबे अरसे से चल रहा है। लेकिन इस खेल का पर्दाफाश पिछले हफ्ते एक भुक्तभोगी की शिकायत पर हो गया। पुलिस ने लड़कियों का सौदा करने वाले फर्जी मैरिज ब्यूरो के सरगना समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। शातिरों ने 86 हजार रुपए शादी करवाने के लिए फिरोजाबाद के एक युवक से लिए थे। अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर ने बताया कि फर्जी मैरिज ब्यूरो से लोगों को फोन के माध्यम से शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लेते थे। यहां पर आने के बाद उनसे नकदी लेने के बाद धमकी देकर भगा देते थे। एक महिला समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।

महेवाघाट थाना के सरसवा निवासी शुभम पांडेय फर्जी मैरिज ब्यूरो चलाता है। इसके साथ कोखराज के बालकमऊ का मोनू पांडेय व असतुल्लागंज की अनीता देवी के अलावा अन्य लोग काम करते हैं। अनीता देवी भी पैसे की लालच में अपनी बेटी को शामिल कर लिया था। शुभम का नेटवर्क गैर जनपद के अलावा गैर प्रान्त के लोगों से है, शुभम उन्हें फोन कर शादी करवाने की बात कहकर अपने जाल में फंसाता है। फिरोजाबाद जनपद के थाना फरिहा अंतर्गत दहिया खास निवासी रामवकील 4 जुलाई को शादी के लिए आता है। वह शुभम के बताए पते ओसा चौराहा पर पहुचता है और इसके बाद शुभम और मोनू रामवकील को लेकर कोखराज के बालकमऊ जाते हैं। यहाँ पर दो लड़कियों को दिखाया जाता है। इसके बाद एक लड़की को पसंद कर शादी की तैयारी शुरू कर दी जाती है। शुभम व मोनू ने शादी के नाम पर 86 हजार व जेवर ले लिया। इसके बाद गांव के बाहर एक मंदिर में शादी के लिए सब लोग पहुंच जाते हैं। शादी के बाद रामवकील दुल्हन को विदा कर घर के लिए रवाना होता है लेकिन थोड़ी ही दूर पतेरिया गांव के पास लड़की टॉयलेट के बहाने गाड़ी से उतर जाती है। आरोप है कि पीछे से संतोष कुमार व मोनू बाइक से आते हैं। और लड़की को बाइक में बैठाकर भाग जाते हैं। रामवकील ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उसे धमकी दी गई। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने शुभम, मोनू व अनीता देवी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। मुखबिर की सूचना पर एसओजी व कोखराज पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

*जिला ब्यूरो चीफ आई वी 24 न्यूज़ कौशाम्बी से मसुरिया दीन मौर्य की रिपोर्ट 9621680231