कछौना (हरदोई) : जमीन की आसमान छूती कीमतों और कम समय में मोटा माल कमाने की नीयत से विकासखंड कछौना सहित नगर पंचायत के आसपास सार्वजनिक भूमि तालाबों, कब्रिस्तान, वक्फ संपत्ति, जंगल झाड़ी संपत्तियां, नजूल की जमीन, खेलकूद मैदान, बंजर भूमि, कांजी हाउस आदि पर भू-माफियाओं की नजरें हैं। राजस्व कर्मियों की मिलीभगत से अवैध कब्जा बदस्तूर जारी है। अवैध प्लाटिंग का कार्य भी चल रहा है। प्लाटों का नक्शा भी विनियमित क्षेत्र कार्यालय से स्वीकृत नहीं होता है। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश को दरकिनार करते हुए तालाब भी पाट दिए गए हैं। फर्जी आवासीय अपात्र लोगों को पट्टा आवंटन के माध्यम से लाखों रुपयों की भूमि पर कब्जा का खेल चल रहा है। अपने चहेते व्यक्तियों को व नौकरों के नाम पर पट्टा आवंटन का बड़े पैमाने पर खेल चल रहा है। ऐसा ही खेल चलता रहा तो नगर पंचायत में जल निकासी की समस्या जटिल खड़ी हो जाएगी। नगर में हमेशा जलभराव बना रहेगा। जिससे संक्रामक बीमारियों की चपेट में आकर नगर वासियों को भुगतना पड़ेगा।
नगर पंचायत कछौना पतसेनी के सभासद रंजीत राव ने कस्बे के सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा की शिकायत जिला प्रशासन से लेकर मुख्यमंत्री तक की है। मोहल्ला काशी नगर में प्राथमिक विद्यालय स्थित है। जिसमें खेल का मैदान नहीं है। स्कूल के पास स्थित गाटा संख्या 1925 खेल मैदान की भूमि हैं। जिस पर अवैध कब्जा है। कछौना पतसेनी के गाटा संख्या 668, 1237, 1235, 1236, 202, 203, 205, 206क, 206ख, पर अवैध कब्जा होने के कारण नगर पंचायत के सार्वजनिक विकास कार्य प्रभावित हैं। नगर पंचायत के ढिगिया तालाब की में जल निकासी की समस्या खड़ी हो गई है। सभासद की शिकायत पत्र पर उपजिला अधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित कर दी गई है। जो उक्त गाटा संख्याओं की पैमाइश कर अवैध कब्जा धारकों पर अभियान चलाकर कार्यवाई करेगी। इस टीम गठित की भनक से भू माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता