योगी ने किया पिपराईच चीनी मिल के सल्फरलेस प्लाण्ट का लोकार्पण

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने आज जनपद गोरखपुर में उत्तर प्रदेश राज्य चीनी एवं गन्ना विकास निगम लि. की इकाई पिपराईच चीनी मिल के सल्फरलेस प्लाण्ट का लोकार्पण किया।

पिपराईच एवं मुण्डेरवा चीनी मिल प्रदेश के पहले सल्फरलेस प्लाण्ट हैं। इन प्लाण्ट्स से गोरखपुर तथा बस्ती सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश की देश व दुनिया में एक नई पहचान बनेगी। इन प्लाण्ट्स से कुशीनगर, संत कबीर नगर तथा सिद्धार्थनगर जनपद भी लाभान्वित होंगे । मुख्यमंत्री ने कहा कि नई और आधुनिक चीनी मिलों को संचालित करना किसानों व नौजवानों के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का उदाहरण हैे ।

पूर्वी उत्तर प्रदेश का हर जनपद किसी न किसी चीनी मिल पर आधारित है। यहां के किसानों की आजीविका, नौजवानों का रोजगार और व्यापारियों का व्यापार, यह चीनी मिलें थीं ।

पूर्व में 01 वर्ष के दौरान पुरानी चीनी मिलों में 12 लाख कुंतल गन्ने की पेराई होती थी। अब पिपराईच व मुण्डेरवा दोनों चीनी मिलों में 01 वर्ष में 45-45 लाख कुंतल गन्ने की पेराई हो रही है व किसानों को उनके गन्ने के मूल्य का भुगतान समय से हो रहा है । पूर्वी उत्तर प्रदेश के विकास में यहां के किसानों की महत्त्वपूर्ण भूमिका है। किसानों के लिए पिछले 06 वर्षों में प्रधानमंत्री जी के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में किसान कल्याण की कई योजनाएं एवं व्यापक कार्यक्रम संचालित किए गए हैं । कोरोना कालखण्ड में चीनी मिलों के संचालन की चुनौती थी लेकिन प्रदेश की 119 चीनी मिलें संचालित की गईं और इन चीनी मिलों के संचालन के साथ-साथ प्रदेश में ₹1.12 लाख करोड़ के गन्ना मूल्य का रिकाॅर्ड भुगतान किया गया ।

किसानों की आमदनी को दोगुना करने और उनके जीवन में खुशहाली लाने के लिए केन्द्र व राज्य सरकार कृतसंकल्पित है । चीनी मिल चलाने के साथ-साथ यहां डिस्टलरी प्लाण्ट को भी बढ़ावा दिया जाए। इसके साथ-साथ युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए गन्ने के जूस, गुड़ के निर्माण एवं पैकेजिंग आदि के लिए प्रशिक्षित किया जाए । इससे अधिक संख्या में युवाओं को रोजगार मिलेगा ।