मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने अपने लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर आयोजित नवचयनित 3,209 नलकूप चालकों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में कहा कि प्रदेेश सरकार युवाओं को रोजगार के अधिकाधिक अवसर मुहैया कराने के लिए संकल्पबद्ध है ।
सरकार की नीति है कि पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं भेदभाव रहित ढंग से भर्ती प्रक्रिया पूर्ण की जाए । सरकार ने 04 वर्षों में 04 लाख नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसकी प्राप्ति हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं । प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं का चयन एवं पदस्थापन उनकी योग्यता और क्षमता के आधार पर किया जा रहा है, जिससे उनकी ऊर्जा और कौशल का प्रदेश के विकास के लिए पूरा उपयोग किया जा सके ।
ध्यान देने वाली बात है कि पहली बार नलकूप चालकों की भर्ती में 516 महिलाओं का भी चयन हुआ है । सभी चयनित अभ्यर्थियों को एक माह का प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की गई है । प्रदेश में पहली बार नलकूप चालकों की अर्हताएं ITI पास निर्धारित करते हुए उनकी भर्ती उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से की गई है । किसी कार्य के सम्पादन में तकनीक का विशेष महत्त्व है ।