सर्प मित्र डॉ० आशीष त्रिपाठी को मिला ग्लोबल ग्रीन अवार्ड

इटावा । देश के विभिन्न राज्यों में अपने अपने विशिष्ट क्षेत्रों में किये जा रहे विभिन्न सामाजिक कार्य व वन्यजीव संरक्षण सहित पर्यावरण संरक्षण के लिये समाज मे बेहतरीन कार्य कर रहे लोगों को नामित किया गया था।

विगत सप्ताह जयपुर में कोविड गाइडलाइन के कारण ऑनलाइन ही आयोजित एक अवार्ड सेरेमनी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पर्यावरण मंत्री, राजस्थान सरकार मा0 सुखराम विश्नोई की गरिमामयी उपस्थिति में व पूनम सिंह मैनेजिंग डायरेक्टर, प्रिया दत्त फाउंडर ट्री बैंक जयपुर, रेनू वाधवा फाउंडर एसडब्ल्यूटी के दिशा निर्देशन में पूरे देश भर से नामित कई विशिष्ट कार्य कर रहे लोगो को राष्ट्रीय स्तर पर कार्यरत संस्था ट्री बैंक जयपुर, लाइफलाइन एनवायरनमेंट ग्रुप एवं सोमनाथ नक्षत्र वाटिका ट्रष्ट की ओर से ग्लोबल ग्रीन अवार्ड से नवाजा गया।

जनपद इटावा से सर्प मित्र डॉ आशीष त्रिपाठी को उनके द्वारा विशेष रूप से सर्पो के जीवन को बचाने व वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में सर्प मित्र जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिये किये जा रहे उनके विशिष्ट प्रयासों को दृष्टिगत रखते हुये राष्ट्रीय स्तर का यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें प्रदान किया गया है। विदित हो कि, डॉ आशीष 2007 से वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम जनपद इटावा में संस्था ओशन- ऑर्गनाइजेशन फ़ॉर कन्जर्वेशन ऑफ एनवायरनमेंट एंड नेचर के माध्यम से चला रहे है एवं अब तक हजारों छात्र छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के लिये जागरूक कर चुके है। इससे पूर्व डॉ आशीष लखनऊ विश्वविद्यालय लखनऊ सहित दिल्ली विश्वविद्यालय दिल्ली मिरांडा हाउस) व महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक हरियाणा में विषैले व विषहीन सर्पो की सरल पहचान व सर्प दंश से बचाव व उनके पुनर्वास विषय पर अपना एक विशेष व्याख्यान लेक्चर ऑफ लाइफ भी इन विश्वविद्यालयों में दे चुके है जिसे सभी के द्वारा बेहद ही पसंद किया जा रहा है। उनकी इस विशेष उपलब्धि पर उनके इष्ट मित्रों व शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी है।