ग्रामसभा कनवार के राजस्व ग्राम बगहा की सड़क गड्ढे में हुई तब्दील, शिकायत के बावजूद जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान

कौशांबी। विकास खंड कड़ा के अंतर्गत ग्रामसभा कनवार के राजस्व ग्राम बगहा की सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। जिसके पुनर्निर्माण के लिए ग्रामीणों ने कई बार संबंधित अधिकारियों को लिखित रूप से शिकायती पत्र भी दिया। लेकिन सड़क का पुनर्निर्माण ना होने से ग्रामीणों को बड़े-बड़े गड्ढों से होकर गुजरना पड़ता है। जिससे आए दिन अनहोनी की आशंका बनी रहती है।

आपको बताते चलें कि उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ग्रामीण सड़क निर्माण योजना के अंतर्गत गांव की सड़कों को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ा जा रहा है। वहीं गांव की गड्ढों में तब्दील सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए संबंधित सड़क निर्माण विभाग के अधिकारी जोखिम नहीं उठा रहे हैं।

ग्राम सभा कनवार के राजस्व ग्राम बगहा राष्ट्रीय राजमार्ग से सटा है। 10 वर्ष पहले मंडी समिति द्वारा सड़क का निर्माण किया गया था। सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने से राहगीरों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। गांव में कोई व्यक्ति गंभीर रूप से बीमार पड़ जाता है तो उसे अस्पताल पहुंचाने में भी घंटों लगने के कारण मौत के मुंह में जाना पड़ता है।

13 सौ मीटर सड़क के पुनर्निर्माण के लिए मंडी समिति के अधिकारियों, पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को कई बार गांव के सामाजिक कार्यकर्ता अमृतलाल मौर्य ने लिखित रूप से प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि सड़क का निर्माण होना नितांत आवश्यक है। लेकिन सड़क निर्माण विभाग अधिकारी को सड़क के पुनर्निर्माण के लिए कई बार गांव के सामाजिक कार्यकर्ता ने आइजीआरएस के माध्यम से भी मांग की। लेकिन पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि जब तक मंडी समिति के अधिकारी पीडब्ल्यूडी विभाग को सड़क की फाइल हस्तांतरित नहीं करते हैं। तब तक उक्त सड़क का पुनर्निर्माण नहीं हो सकता। गांव की गड्ढा मुक्त सड़कें बनाने के लिए संबंधित अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। कौशांबी की तेजतर्रार जिला अधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए ग्रामीणों ने सड़क के पुनर्निर्माण की मांग की है।

कौशांबी से ब्यूरो रिपोर्ट