मनकामेश्वर मठ-मंदिर उपवन में महिलाओं ने किया योगाभ्यास

लखनऊ। मनकामेश्वर मठ-मंदिर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सोमवार को डालीगंज स्थित मनकामेश्वर घाट उपवन में श्रीमहंत देव्यागिरि की अगुआई में महिलाओं ने बड़ी संख्या में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए योगाभ्यास किया। इसमें आचार्य श्यामलेश के मार्गदर्शन में आदि ज्योत संस्थान को चला रही कु ज्योति अभिषेक, उपमा पाण्डेय, नेहा, पूनम अरोड़ा, रीतू अग्रहरि, गौरजा गिरि, कल्याणी गिरि सहित अन्य ने योगाभ्यास किया।

श्रीमहंत देव्यागिरि ने कहा कि स्वस्थ तन में ही स्वस्थ मन होता है। तंदरुस्त जीवन और विकसित मस्तिष्क के लिए नियमित योगाभ्यास जरूरी है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीविका के कारण महिलाओं के दैनिक गृह कार्य मशीनों के कारण आसान हो गए हैं। ऐसे में उनके लिए दैनिक व्यायाम के अवसर सीमित हो गए हैं। जरूरी है कि महिलाएं अपने स्वास्थ के प्रति जागरुक रहे और कम से कम 25 मिनट का योगाभ्यास जरूर करें। उनके योगाभ्यास से पूरा परिवार प्रेरित होगा और कोरोना के संकटकाल में रोग प्रतिरोधकता के लिए प्राणायाम के साथ ही साथ बेलपत्र के 11 पौधो को भी महन्त जी ने रोपित किया। इसके साथ ही उन्होंने ध्यान साधना और पौष्टिक संतुलिल भोजन पर भी जोर दिया।

सौ से अधिक लगे टीके

सौ से अधिक सर्वधर्म के अनुयायियों को बिना भेदभाव के कोरोना वैक्सीन भी सोमवार को मंदिर परिसर में लागयी गई। सेवादार जगदीश गुप्ता अग्रहरि ने बताया कि डॉक्टर नेहा प्रताप के निर्देशन में रीता यादव, ज्योति जोशी, नीलम वर्मा, महिबुल निशा, अनीता यादव, अर्चना सिंह, कीर्ति लता के दल ने कोविडशील्ड की वैक्सीन लगायी। इस अवसर पर शाम को सोमवारीय आरती श्रीमहंत देव्यागिरि की अगुआई में की गई। इसमें कोरोना मुक्ति की कामना की गई।