विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा माह की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा से सम्बन्धित दिये गये दायित्वों को प्रभावी रूप से निभाने के निर्देश दिये गये।
उन्होंने कहा कि अवैध पार्किंग व अतिक्रमण के मामलों में उप जिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी समन्वय स्थापित कर कार्य करे। एफसीआई गोदाम हरदोई, बिलग्राम एवं इन्डस्ट्रियल एरिया सण्डीला में कोई भी वाहन सड़क पर न खड़ा हो। वाहनों की ओवरलोडिंग पर तत्काल कार्यवाही की जाये, और अवैध होर्डिंग हटाई जाये। यातायात नियमों का नगरीय क्षेत्रों में व्यापक प्रचार प्रसार किया जाये। यातायात नियमों के विरूद्ध चलाये जा रहे वाहनों पर प्रवर्तन की कार्यवाही में तेजी लायी जाये। ब्लैक स्पॉट के स्थलों का चिह्नीकरण करते हुए पूरे जनपद में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा कार्यवाही की जाये।
सड़क सुरक्षा से सम्बन्धित समय समय पर उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी पुलिस बैठके करे। नगरीय क्षेत्रों में स्ट्रीट वेंर्ड्स के लिए स्थल निर्धारित किया जाये। उतरे हुए लाउडस्पीकरों को स्कूलों एवं सार्वजनिक उद्घोषणा हेतु प्रयोग में लाया जाये। बैठक के उपरान्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस क्षेत्राधिकारियों व पुलिस बल के साथ सोल्जर बोर्ड चौराहे से नुमाईश चौराहे तक पैदल मार्च किया गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वन्दना त्रिवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी व पश्चिमी, समस्त उप जिलाधिकारी, एआरटीओ प्रवर्तन दयाशंकर एवं प्रशासन संजीव कुमार, समस्त क्षेत्राधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक वी0के0 दुबे, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार, अधिशासी अभियन्ता पीडब्ल्यूडी, समस्त अधिशासी अधिकारी आदि उपस्थित रहे तथा थानों के समस्त थानाध्यक्ष जूम एप से जुडे़ रहे।