बिहार में कोयले से लदी मालगाड़ी के 53 डिब्बे पटरी से उतर जाने के बाद गया-धनबाद खंड पर रेल यातायात बाधित हुआ है। यह दुर्घटना आज सुबह धनबाद मंडल के कोडरमा और मानपुर रेलवे स्टेशनों के बीच गुरपा स्टेशन पर हुई। इसके बाद इस मार्ग पर रेल यातायात बाधित हो गया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। यातायात बहाल करने का कार्य शुरू हो गया है।
पूर्व-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेन्द्र कुमार ने बताया है कि कई रेलगाडि़यां अलग मार्गों से चलाई जा रही हैं, जबकि कुछ गाडि़यों की यात्रा बीच में ही समाप्त कर दी गई। धनबाद-डेहरी ऑन सोन इंटरसिटी एक्सप्रेस, आसनसोल-वाराणसी एक्सप्रेस, गया-आसनसोल एक्सप्रेस और आसनसोल-गया एक्सप्रेस की यात्रा आंशिक रूप से समाप्त कर दी गई है।