15 नवम्बर तक सभी सड़को को गड्ढामुक्त करने का फरमान, क्या पूरे होंगे अरमान

कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत समस्त नगरीय निकायों के सड़क, नाली, नाला, सार्वजनिक शौचालय, सीसी रोड, खड़जा आदि निर्माण कार्यो की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिये कि मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार नगर की समस्त खराब सड़को का सर्वेक्षण बाइक या पैदल चल कर करें और सभी सड़को को 15 नवम्बर 2022 तक प्राथमिकता पर गड्ढा मुक्त कराते हुए प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें तथा सभी निर्माण कार्यो को शासन के निर्देशानुसार समय पर मानक के अनुसार पूर्ण करायें। नये उपकरणों एवं कार्यो के अनुमोदन के सम्बन्ध में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के मानक अनुसार कार्यवृत्ति भेजें।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि नगरीय निकायों में प्रवेश करने वाले मार्गो पर विशेष सफाई रखी जाये तथा नगर के मुख्य-मुख्य चौराहों पर डस्टबीन स्थापित कराये ताकि लोग कूड़ा उसी में डाले और चौराहों का नामकरण कराते हुए बोर्ड लगवाये। उन्होने कहा कि ईओ पालिकाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाये और वेस्ट मैनेजेमेंट जैसे बड़े कार्य गुणवत्ता एवं मानक के अनुरूप प्राथमिकता पर करायें।

बैठक में अध्यक्ष नगर पालिका परिषद हरदोई, शाहाबाद, पिहानी, बेनीगंज एवं कुसरठ, अपर जिलाधिकारी वन्दना त्रिवेदी, नगर मजिस्ट्रेट डा0 सदानन्द गुप्ता, सभी उप जिलाधिकारी, ईओ सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।