“दरिया बनकर बेटियां हर क्षेत्र में लहरा रहीं अपना परचम” – कृति द्विवेदी
कछौना (हरदोई)। विकासखण्ड कछौना के विभिन्न विद्यालयों में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती अर्थात ‘बाल दिवस’ को धूमधाम से मनाया गया।
इसी क्रम में नगर में ब्लॉक संसाधन केंद्र परिसर में स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में भी वार्डेन कृति द्विवेदी के नेतृत्व में बेटियों ने केक काटकर धूमधाम के साथ अपने ‘चाचा नेहरू’ का जन्मदिन मनाने के साथ-साथ आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपना हुनर दिखाया। कस्तूरबा विद्यालय सहित एचसीएल फाउंडेशन के बाल दिवस कार्यक्रम में आयोजित निबंध प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता व पोस्टर, नृत्य तथा गायन व कई खेल प्रतियोगिताओं में बेटियों ने अपना दमखम दिखाकर लोहा मनवाया।
निबंध प्रतियोगिता में शैलेन्द्री ने प्रथम, सोनम ने द्वितीय व दीपांजली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया वहीं भाषण प्रतियोगिता में अंशिका प्रजापति ने प्रथम, प्रिया ने द्वितीय व मुस्कान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया जबकि पोस्टर प्रतियोगिता में रानी ने प्रथम, मंजू ने द्वितीय व पूनम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं सहित सभी छात्राओं को वार्डेन कृति द्विवेदी व समस्त स्टाफ की ओर से उपहारस्वरूप पानी की बोतल, टार्च व इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स की किताबें आदि प्रदान किया गया। अंत में बेटियों ने एक क्लासरूम को भोजनशाला का रूप देकर सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण किया जिसमें वार्डेन व शिक्षिकाओं ने अपने हाथों से उन्हें भोजन परोसते हुए ‘विद्यालय एक परिवार’ की अनुभूति प्रदर्शित की।
कछौना के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की वार्डन कृति द्विवेदी ने बताया कि अब बेटियां बेड़ियां तोड़कर हर क्षेत्र में मिशाल पेश कर रही है। बेटियों को जब पुचकार और दुलार मिलता है तो वह गरीबी और मुफलिसी के बोझ तले दबे होने के बावजूद भी हर रूढ़ियों को तोड़कर सफलता की सीढ़ियां चढ़ने लगती हैं। विद्यालय की कई बेटियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खेल/व्यायाम प्रशिक्षक आलोक गुप्ता के नेतृत्व में सफलता का परचम लहराया है।
कस्तूरबा विद्यालय में बाल दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान वार्डेन कृति द्विवेदी, खेल प्रशिक्षक आलोक गुप्ता सहित पूनम अवस्थी, ऋचा, शालिनी, रचना, कनीज फातिमा आदि शिक्षिकाओं की मौजूदगी रही।
रिपोर्ट ➖ एस.बी.सिंह सेंगऱ