ग्रामपंचायत त्यौरी मतुआ में अस्थाई गोआश्रय स्थल निर्माण हेतु भूमि का हुआ चिह्नीकरण

कछौना, हरदोई। विकास खण्ड कछौना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत त्यौरी मतुआ के लोगों को आवारा पशुओं से जल्द निजात मिलने वाली है। प्रशासन ने इसकी कवायद शुरू कर दी है।

शुक्रवार को ग्राम लालपुर में स्थित पशुचर की भूमि का गाटा संख्या 1535 का रकबा 3.2620 हेक्टेयर को अस्थायी गौ आश्रय स्थल के लिए भूमि का चिह्नीकरण किया गया है। उक्त भूमि चारागाह की गौशाला के लिए पर्याप्त भूमि दर्ज है। इसी भूमि के हिस्से पर अस्थायी गौ आश्रय स्थल का शीघ्र निर्माण किया जाएगा।

बतातें चलें ग्राम पंचायत त्यौरी मतुआ में लगभग 400 छुट्टा गौवंश विचरण करते हैं। किसानों के सामने छुट्टा गौवंश ज्वलंत समस्या बने हैं। किसान अपनी फसल को बचाने के लिए रात रात भर खेतों में रतजगा करने को विवश है। वही बिगड़ैल सांडो के हमले से कई किसान घायल भी हो चुके हैं। उक्त समस्या को देखते हुए जय हिंद जय भारत मंच संयोजक परमेश्वर दयाल गुप्ता व सैकड़ों ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से ग्राम पंचायत में अस्थाई गौ आश्रय स्थल बनाने की पुरजोर मांग की थी। जिसपर शासन के निर्देश पर शुक्रवार को ग्राम प्रधान असद शाहिद, ग्राम सचिव, रोजगार सेवक, क्षेत्रीय लेखपाल अनिल शुक्ला सहित सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में पशुचर की भूमि गाटा संख्या1535 को चिन्हीकरण किया गया है। राजस्व टीम ने भूमि को रोजगार सेवक को मनरेगा से निर्माण कार्य हेतु सौंप दिया है। शीघ्र ही उक्त भूमि पर अस्थाई गौ-आश्रय स्थल का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। जिससे क्षेत्र के किसानों को इस ज्वलंत समस्या से निजात मिलेगी। भूमिका का चिह्नीकरण होने से गांव के किसानों में खुशी की लहर है।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान असद शाहिद, क्षेत्रीय लेखपाल अनिल शुक्ला, ग्राम सचिव व एडीओ पंचायत संतोष कुमार, रोजगार सेवक राजेंद्र मौर्य, भाजपा नेता लालता सिंह, प्राइवेट शिक्षक राकेश सिंह, सर्वेश सिंह, फूलचंद वर्मा, सिंकू, नरेश सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता