अस्पताल में एक बुजुर्ग की संदिग्ध मौत, लापरवाही का आरोप

हरदोई। जिला अस्पताल में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने स्टॉफ पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। मृतक के पौत्र आयुष ने कहा कि डॉक्टर सुप्रिया की लापरवाही से बाबा की मौत हुई है। सुबह से ही हम डॉक्टरों के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन हमारी किसी ने नहीं सुनी। जब डॉक्टरों से कहा गया कि रेफर कर दीजिए तो उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। इलाज के अभाव में उनकी मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल ने मामले में अनभिज्ञता जाहिर की है। हरदोई जिला अस्पताल हमेशा अपने कारनामे से सुर्खियों में रहता है। 

मिली जानकारी के अनुसार भरिगवां निवासी मान सिंह की सुबह 6: 30 बजे अचानक तबीयत खराब हो गई। जिस पर परिजन उनको जिला अस्पताल इमरजेंसी में लेकर गए। जहां इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर सुप्रिया ड्यूटी पर थी। जिन्होंने मरीज को देखा और कुछ ट्रीटमेंट दिया, जिससे उनको कुछ राहत मिली। कुछ देर बाद बुजुर्ग मान सिंह की फिर हालत बिगड़ गई। इस पर उनके पौत्र आयुष ने डॉक्टर सुप्रिया समेत वहां पर तैनात स्टाफ से बात की तो उन्होंने इलाज किए जाने का आश्वासन दिया। जिस पर उसने फिर बताया कि मरीज की हालत बिगड़ती जा रही है और उनके पेट में दर्द व पेशाब करने में दिक्कत हो रही है। परेशान परिजनों ने मरीज को रेफर करने के लिए भी कहा। 

परिजनो ने आरोप लगाया है कि डॉक्टर की लापरवाही के कारण ही बुजुर्ग मानसिंह की करीब 3 बजे मौत हो गई। अस्पताल हरदोई मेडिकल कॉलेज के अधीन आता है। जब इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. देश दीपक तिवारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अभी मैं वहां से ही आया हूं, मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।