छुट्टा गोवंश से निजात पाने के लिए किसानों ने अस्थायी गोआश्रय स्थल की मांग की

कछौना हरदोई : विकासखंड कछौना की ग्रामसभा गाजू के उपगांव फत्तेपुर के किसानों ने आवारा पशुओं से छुटकारा पाने के लिए ग्राम सभा में गोशाला की मांग की। 

ग्रामीण किसान रामऔतार क्षेत्र पंचायत सदस्य पति, राधेलाल, राजकुमार यादव, श्रवण कुमार राठौर, मनीराम, आशीष कुमार, दीपक, श्यामू, सुनील कुमार, प्रेम कुमार यादव आदि सैकड़ों ग्रामीण किसानों ने समस्या के बारे में खण्ड विकास अधिकारी कछौना को अवगत कराया कि हमारी ग्राम सभा में लगभग 200 छुट्टा गोवंश हैं। जिनके कारण किसानों की फसल प्रभावित हो रही है। झुंड के झुंड खेत में पहुंचकर पूरी फसल को चट कर जाते हैं। किसानों की रात-दिन की कमाई चौपट हो जाती है। 

किसानों की आय का मुख्य साधन कृषि है। फसल को बचाने के लिए दिन-रात खेतों पर रहकर रतजगा करना पड़ता है। खेतों में ब्लेड वाले तार लगे होने के कारण बेजुबान पशु चपेट में आने से घायल होकर तड़प तड़प कर मरने को विवश हैं। मृत जानवर पड़े पड़े सड़ जाता है, उसे कोई दफनाता तक नहीं है। जिससे मृत जानवर से उठने वाली बदबू से लोगों का जीना दुश्वार हो जाता है। मृत जानवरों के कारण संक्रामक बीमारी फैलने की प्रबल संभावना बनी रहती है। 

छुट्टा गोवंश के कारण ग्रामीणों में आपस में लड़ाई झगड़ा की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। किसानों की गोआश्रय स्थल की मांग पर खंड विकास अधिकारी नरोत्तम कुमार ने बताया कि छुट्टा गोवंशो का पकड़वा कर गांव के नजदीक गोआश्रय स्थल में पहुंचाया जाएगा। नजदीक के ग्राम सभा में पशुचर की भूमि को चिह्नित कर प्रस्ताव बनाकर गोआश्रय स्थल बनवाया जाएगा।