चौरासी कोसी परिक्रमा में अव्यवस्थाओं को लेकर महंत संतोष दास खाकी दिखे नाराज़

कोथावां-नगवां पड़ाव पर गूंजे राम नाम के जयकारे, श्रद्धालुओं ने उठाया मेले का लुत्फ

● अबकी बार विद्युत व्यवस्था रही खराब व पुलिस प्रशासन साबित हुआ नकारा– सचिव महंत संतोष दास खाकी।

बेनीगंज (हरदोई) । प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 84 कोसी परिक्रमा हो रहा है। पावन यात्रा फाल्गुन माह की अमावस्या को नैमिषारण्य तीर्थ से शुरू होकर गुरुवार को तृतीय पड़ाव कोथावां-नगवां पहुंच गयी। शुक्रवार को पड़ाव गिरधरपुर उमरारी में पड़ेगा। इस वर्ष बीते समय में ट्रैक्टर-ट्रालियों से हुई दुर्घटनाओं के मद्देनजर योगी सरकार ने श्रद्धालुओं को ट्रैक्टर-ट्राली से यात्रा न करने के लिए निर्देशित किया है।

प्राप्त समाचार के मुताबिक 84 कोसी परिक्रमा समिति के सचिव महंत संतोष दास खाकी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष जनपद सीतापुर के पड़ावों की व्यवस्थाएं बेहतर रहीं। वहीं जनपद हरदोई में विद्युत आपूर्ति व पुलिस प्रशासन पर तंज कसते हुए कहा कि व्यवस्थाएं बिल्कुल नकारा साबित हुईं हैं। हर्रैया पड़ाव व पौराणिक तीर्थ हत्याहरण में कुछ चोरों ने श्रद्धालुओं के झोले आदि छीन-झपट लिए।

कोथावां पड़ाव में कोतवाली क्षेत्र बेनीगंज के महमूदपुरकला निवासिनी एक महिला के ज्वेलरी स्नैचिंग करने वाली महिला ने कान के बाला नोच लिये। इसी क्रम में महंत राम सेवक शरण रामायणी, आश्रम नैमिषारण्य ने जानकारी देते हुए कहा कि हर्रैया पड़ाव में तीन शराबियों ने शराब के नशे में श्रद्धालुओं से अभद्रता की। जब मैंने पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दी, तो पुलिस प्रशासन ने मामले को गम्भीरता ने नहीं लिया। वहीं पर चिकित्सा एवं साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर सराहना की। विगत वर्षों की अपेक्षा में इस वर्ष कुछ श्रद्धालु कम रहे, जबकि लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने रामादल की परिक्रमा की। वहीं क्षेत्रीय लोगों ने मेले का जमकर लुत्फ उठाया।

परिक्रमा मेले में अध्यक्ष डंका वाले बाबा महंत नारायण दास, महासचिव 84 कोसीय परिक्रमा संतोष दास खाकी, महंत अंजनी दास कल्पवास प्रभारी, महंत बजरंग मुनि बड़ी संगत खैराबाद, महंत प्रीतम दास हनुमान मंदिर मछरेहटा, आत्माराम पंचायती धर्मशाला, आचार्य रामशब्द मिश्र कार्यालय प्रभारी, बजरंगी विमल मिश्र प्रस्तावक 84 कोसीय परिक्रमा, महंत रामसेवक शरण दास नैमिषारण्य, स्वामी विरजानंद अयोध्या, दीपक दीक्षित मछरेहटा, मगनलाल तीर्थ पुरोहित नैमिषारण्य, दुर्गा शरण वर्मा, पड़ाव प्रभारी सहित लाखों साधु-संत एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।