हत्याहरण तीर्थ में स्नान करने आये एक श्रद्धालु की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मृत्यु

हरदोई। चौरासी कोसीय परिक्रमा में हत्याहरण तीर्थ पर स्नान करने के बाद बस पर कपड़े सुखा रहे एक श्रद्धालु की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई है। घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जनपद बलरामपुर के थाना हरैया क्षेत्र के अंतर्गत सिकंदर बोझी निवासी झिनमुन अपनी पत्नी व बेटी के समेत करीब 70 यात्रियों के साथ ट्रेवलर बस से चौरासी कोसीय परिक्रमा कर रहा था। झिनमुन के साथ लगभग 70 श्रद्धालु ट्रेवलर बस से हत्याहरण स्नान के लिए आए थे। आज सभी हरदोई के कोथावाँ क्षेत्र के हत्याहरण तीर्थ में स्नान कर रहे थे। नहाने के बाद सिकंदर बोझी बस पर चढ़कर कपड़े सुखाने के लिए डालने लगा। तभी वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। 

घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एएसपी पश्चिमी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि श्रद्धालु नहाने के बाद अपने कपड़े सुखाने के लिए बस के ऊपर चढ़ा था। लापरवाही के कारण वह 11 हजार वोल्टेज की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।