हरदोई– बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
ग्राम नटपुरवा मजरा मझिगवां निवासी जैकी (21) पुत्र राजकुमार साइकिल से गांव-गांव जाकर कास्मेटिक का सामान बेचता था। परिजनों ने बताया कि जैकी पांच भाइयों में सबसे बड़ा था और एक वर्ष पूर्व उसकी सोनी के साथ शादी हुई थी। छोटे भाई रघु ने बताया कि जैकी रविवार की सुबह घर से कास्मेटिक का सामान बेचने के लिए निकला था। अरिया ईंट भट्ठे के पास ट्रक ने उसे टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायलावस्था में उसे सीएचसी पर भर्ती कराया और परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन सीएचसी पहुंच गए, जहां पर डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। डाक्टर ने उसकी हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर लखनऊ जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।