पिहानी कोतवाली इलाके के मंसूरनगर में खेत में पड़ा मिला सिपाही का शव


हरदोई- हरियावाँ थाना क्षेत्र निवासी और पीलीभीत में पुलिस विभाग के हेड मोहर्रिर पद पर तैनात एक सिपाही की संदिग्ध अवस्था मे मौत हो गयी।उसका शव खेत से बरामद किया। पुलिस ने हार्ट अटैक अथवा जहरीला पदार्थ खाने से मौत की आशंका जताई है और शव को कब्जे में लिया है।
         हरियावाँ थाना क्षेत्र के भीठी निवासी राजेश कुमार 54 पुत्र श्रीपाल जनपद पीलीभीत में पुलिस विभाग में हेड मोहर्रिर के पद पर तैनात थे और इधर काफी समय से गांव में ही रह रहे थे। बताया जाता है कि वह पुलिसिया सजायाफ्ता भी थे और करीब एक माह से ड्यूटी से नदारद थे।जैसा कि उनके परिजनों ने बताया कि वह दो दिन पहले ड्यूटी जाने की बात कहकर घर से निकले थे और एक दिन से उनसे संपर्क नही हो सका था।
        बीती देर रात उनका शव पिहानी कोतवाली इलाके के मंसूर नगर के निकट गिरीश अवस्थी के खेत मे पड़ा पाया गया। जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक श्यामबाबू शुक्ल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने बताया कि शरीर पर कही कोई चोट आदि के निशान नही है लगता है कि ये तो हार्ट अटैक अथवा जहर खाने से मौत हुई है। मुंह से हल्का खून निकल रहा था। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद ही कुछ कह पाने की स्थिति में है।