टड़ियावां(हरदोई)- थाना क्षेत्र के एक गाँव में गुरुवार की शाम अज्ञात कारणों से किशोरी ने जहर खा लिया जिससे उसकी मौत हो गई।पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम निशा (16) पुत्री मुनेश्वर निवासी गाँव गुलरी पुरवा मजरा सण्डीला ने जहर खाकर जान दे दी। मां राजेश्वरी के अनुसार गुरुवार की शाम उसकी बेटी ने भोजन बनाकर पूरे परिवार को खिलाया और उसके बाद सब लेट गए। थोड़ी देर बाद उसे उल्टी होने लगी तो परिजन देर रात उसे लेकर सीएचसी पहुँचे। जहाँ ड्यूटी पर मौजूद डॉ. श्यामसिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।जिस पर पुलिस ने वहां पहुँचकर शव को कब्जे में लिया।शुक्रवार की सुबह थानाध्यक्ष अशोक कुमार एवं उपनिरीक्षक दिलीप त्रिपाठी द्वारा स्वास्थ्य केन्द्र पहुँचकर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सन्तोष मिश्र व अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। किशोरी द्वारा जहर खाने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। मृतका के शरीर पर अन्य कोई चोट आदि का निशान नहीं पाया गया। डॉ. श्यामसिंह के अनुसार किसी जहरीले पदार्थ के खाने एवं विलम्ब से इलाज के लिए लाने उसकी मौत हुई। वहीं थानाध्यक्ष का कहना है कि मृत्यु की पुष्टि हेतु शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। तदनुसार कार्यवाही की जाएगी।