एक बेबस पिता ने बेटी के दहेज लोभी ससुरालियों की मांग पूरी न कर पाने और बेटी की विदाई न होने के कारण फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
मामला हरदोई की सांडी कोतवाली के आदमपुर का है। यहां के निवासी दिरगज 55 पुत्र शिब्बा ने घर के अंदर फांसी लगा ली, जिससे उनकी मौत हो गयी। मामले की सूचना जैसे ही परिजनों को लगी तो कोहराम मच गया। मामले की जानकारी पुलिस को दी गयी । पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से उतरवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
मृतक के भाई सिरदार ने बताया कि दिरगज की पुत्री सुदामा का विवाह 9 माह पूर्व हरपालपुर कोतवाली इलाके के सर्जुआपुर निवासी ब्रजेश पुत्र मुन्नूलाल के साथ हुआ था। बताया कि दहेज में परिजन आये दिन 50 हजार की नगदी व बाइक मांगते थे और उनकी पुत्री को मारते-पीटते थे। जब वह विदा करने गये तो उसके साथ भी मारपीट की गई और कहा गया कि दहेज की मांग पूरी करो तभी विदा करेंगे । भूमिहीन बेबस पिता दहेज की मांग पूरी नहीं कर सकता था, जिसके चलते उसने आत्महत्या कर ली। एएसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी।