अधेड़ की सड़क दुर्घटना में मौत, सीमा विवाद के चलते शव लेकर घूमते रहे परिजन

मल्लावां पुलिस ने दिखाई मानवता

           मल्लावां (हरदोई)- दोस्तों के साथ कानपुर जानें के लिए निकले अधेड़ की संदिग्ध परिस्थितियों मे मौत हो गयी। सीमा विवाद के चलते परिजन देर रात शव लेकर घूमते रहे। मल्लावां पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
          कोतवाली बिलग्राम के गाँव मुक्कूपुरवा निवासी रामखेलावन (45)अपने गाँव के ही रहने वाले दोस्तो जगत व किन्दर पाल के साथ सोमवार की दोपहर कानपुर के लिये निकला था। शाम सात बजे किन्दरपाल और जगत नशे की हालत मे गाँव वापस पहुँचे लेकिन उनके साथ रामखेलावन नहीं आया तो मृतक की पत्नी ने पति के बारे मे पूछा । दोनों ने बताया कि उसका एक्सीडेन्ट हो गया है और बिलग्राम कन्नौज मार्ग पर इसरापुर परसोला के बीच मे पड़ा है। मृतक का भाई और पत्नी दोनों घटना स्थल पर पहुंचे और घायल को बिलग्राम कोतवाली ले गये।  कोतवाली पुलिस ने उसे सीएचसी भेज दिया जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी व भाई मकरंद ने मृतक के दोनों साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है।

बिलग्राम पुलिस ने दिखाई संवेदनहीनता


         इस मामले में बिलग्राम पुलिस ने घोर संवेदनहीनता दिखाई । घटना बिलग्राम क्षेत्र और मल्लावां के बॉर्डर की थी लेकिन जिस जगह घटना घटी वह बिलग्राम क्षेत्र में आता है । इसीलिए मृतक के परिजन शव को बिलग्राम कोतवाली ले गये । लेकिन देर रात बिलग्राम कोतवाली पुलिस ने शव को मल्लावाँ कोतवाली जाने को कहा । परिजन शव को लेकर मल्लावाँ कोतवाली पहुंचे और घटना के बारे में बताया।

मल्लावां पुलिस ने दिखाई मानवता


मृतक के परिजन जब मल्लावां कोतवाली पहुंचे तो प्रभारी कोतवाल ने उनकी बात सुनी और उच्चाधिकारियो को घटना की जानकारी दी जिसके बाद एएसपी ज्ञानंजय सिंह ने घटना की जाँच-पड़ताल करने को कहा । वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने घटना की जाँच-पड़ताल कर शव का पंचनामा भर कर शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। श्री सिंह ने बताया कि घटना बिलग्राम क्षेत्र में हुई थी। उपनिरीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्यवाही की जायेगी।