अभियान चलाकर नाली-नालों एवं वार्डो की सफाई करना सुनिश्चित करें :- जिलाधिकारी

सामान जब्त करते हुए फाइन भी वसूला जाये :- पुलकित खरे

         विगत 23 जुलाई देर सायं कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित नगर पालिका एवं नगर पंचायतों की साफ-सफाई व्यवस्था से सम्बन्धित आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी पुलकित खरे ने उपस्थित सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिये कि नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में सफाई अभियान सफाई जागरूकता, प्रेरणा, जब्ती एवं फाइन के रूप में चलाया जाये।
        उन्होंने अधिशासी अधिकारियों से कहा कि सबसे पहले दुकानदारों को जागरूक करे कि वह अपनी दुकानों के सामने कूड़ेदान रखे और कूड़ा आदि कूड़ादान में डालें और सड़क के किनारे नालियों पर अतिक्रमण न करें और इसकी प्रेरणा के लिए जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों का सहयोग लें। जिलाधिकारी ने कहा कि इसके बाद भी यदि दुकानदारों द्वारा सड़क पर कूड़ा डाला जाता है या सड़क पर अतिक्रमण किया जाता है तो ऐसे दुकानदारों का सामान जब्त करते हुए फाइन भी वसूला जाये।
        जिलाधिकारी ने सभी ईओ को निर्देश कि अपनी नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाकर नाली-नालों एवं वार्डो की सफाई शतप्रतिशत करना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विमल कुमार अग्रवाल सहित सभी अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।