सड़क दुर्घटना में किशोरी की मौत दो लोग घायल

शव को बीच सड़क पर रखकर परिजनों ने लगाया जाम, उपजिलाधिकारी संडीला से दूरभाष पर उचित कार्यवाही का आश्वासन मिलने पर मृतक के परिजनों ने हटाया जाम

कछौना (हरदोई)– कोतवाली कछौना के अंतर्गत बुधवार शाम ग्राम टूटियारा के पास लखनऊ-हरदौई राजमार्ग पर संडीला की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार द्वारा मोटरसाइकिल को पीछे से लगी टक्कर से एक किशोरी की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए l घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना ले जाया गया, जहां घायलों की स्थिति को गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने उन्हें जिला मुख्यालय रेफर कर दिया l मृतक किशोरी साहीन (17 वर्ष) पुत्री सराफत निवासी नौबतगंज थाना बांगरमऊ व घायल सबीना पुत्री रफ़ीक़ और रफ़ीक़ पुत्र सफी निवासी ग्राम हुसैनपुर थाना कासिमपुर हैं l  इस दौरान घटनास्थल पर मृतक किशोरी के परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया l जिसके कारण राजमार्ग पर लगभग दो घंटे तक भीषण जाम की स्थिति बनी रही। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची कछौना पुलिस को जाम हटवाने में हाथ पांव फूल गए l परिजनों का कहना था कि जब तक कोई प्रशासनिक अधिकारी उन्हें मौके पर आकर कार्यवाही का आश्वासन नहीं देगा तब तक वह शव को सड़क से नहीं हटाएंगे l मामले व जाम की स्थिति को गंभीर देखते हुए प्रशासन के निर्देश पर  संडीला, बघौली व कासिमपुर की पुलिस टीम व क्षेत्राधिकारी संडीला अरुण कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे l उपजिलाधिकारी संडीला की ग्राम चौपाल कार्यक्रम में व्यस्तता के कारण उनके प्रतिनिधि के रूप मे उनके स्टेनो सचिन मौके पर पहुंचे l उपजिलाधिकारी संडीला आशीष कुमार सिंह से दूरभाष पर उचित कार्यवाही का आश्वासन मिलने पर मृतक के परिजनों ने राजमार्ग से जाम हटाया l पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी है l

दुर्घटना के समय घटनास्थल के आस-पास मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि मोटरसाइकिल संडीला की ओर से आ रही थी तभी अचानक संडीला की ओर से ही आ रही तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी l जिस से मोटरसाइकिल सवार किशोरी मोटरसाइकिल से गिरकर कार के नीचे आ गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई l तेज रफ्तार कार मौके से फरार हो गई l