हरदोई- पिहानी थाना क्षेत्र के गांव अहरापुर निवासी महिला पर दीपक गिरने से आग लग गई। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। इससे पहले भी महिला आत्महत्या के कदम उठा चुकी है। झुलसने पर उसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर उसने नगर मजिस्ट्रेट को दिए गए बयान में ससुरालीजनो को दोषी बताया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
अहरापुर गांव निवासी लक्ष्मी (30) पत्नी रामकुमार पर रविवार की देर रात खाना बनाने के दौरान रसोई के करीब रखा दीपक गिर गया। ससुरालीजनो के अनुसार इससे वह झुलसने लगी और चीख-पुकार मचाई। इसपर घर के लोग मौके पर पहुंचे और जैसे तैसे आग बुझाई। इसके बाद आनन-फानन महिला को जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे 40 प्रतिशत झुलसे होने की बात कहते हुए भर्ती कर लिया। पुलिस सूचना के आधार पर नगर मजिस्ट्रेट सतीश चन्द्र त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। जहां पर महिला ने बताया कि पति समेत ससुरालीजन उसे आए दिन परेशान करते हैं। इसी के चलते सास प्रेमा देवी व ससुर गोविंद वर्मा ने केरोसिन डालकर आग लगा दी। मजिस्ट्रेट ने महिला के बयान को दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई कराने की बात कही है। फिलहाल अस्पताल में भर्ती महिला की देखरेख व इलाज ससुरालीजन ही करा रहे हैं। इसके साथ ही बताया गया कि महिला ने चंद दिनो पूर्व किसी बात से परेशान होकर फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किया था। हालांकि उस समय भी जिला अस्पताल में कुछ दिनो इलाज के बाद उसे घर भेजा गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।