जनता के हित को ध्यान में रखकर कार्य करेंगी सहकारी संस्थाएं – अशोक वाजपेयी

हरदोई- राज्यसभा सांसद डा0 अशोक वाजपेयी ने सोमवार को सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूत करते का आवाह्न करते हुए इस बात पर बल दिया कि सहकारी संस्थाओं को मोदी और योगी की इच्छाओं के अनुरूप जनता के लिए हितकारी बनाया जाए। उन्होने इस बात पर चिंता प्रकट की कि प्रदेश में सहकारी आंदोलन को अभी तक वह गति नहीं मिल सकी जो महाराष्ट्र व अन्य प्रदेशों में सहकारी संथाओं को मिली है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकारों के सहयोग से अब जनपद में सहकारी संस्थाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।               

डा0 वाजपेयी यहां हरदोई कृषक सहकारी शीतगृह की प्रथम वार्षिक सामान्य निकाय बैठक को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होनें विश्वास जताया कि शीतगृह संघ के ऊर्जावान जिलाध्यक्ष अमित दीक्षित शीतगृह में क्षमता विस्तार जैसे अन्य कार्य करके इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगे। सामान्य निकाय बैठक में विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्र नीरज ने भी शीतगृह संघ के अध्यक्ष अमित दीक्षित व उनके बोर्ड के सदस्यों को साधुवाद देते हुए बैठक के सफल आयोजन पर बधाई दी। उन्होने कहा कि पिछली सरकारों के शासन काल में सहकारिता और सहकारी संस्थाओं को जिस प्रकार लूट का अड्डा बना दिया गया था अब सहकारी संस्थाएं भ्रष्टाचार से मुक्त होकर जनता के हित को सर्वोपरि मानकर कार्य करेंगी। इस दौरान जनपद में दशकों से सहकारी आंदोलन में जुटे चार महानुभावों को सम्मानित किया गया। इन्हे मुख्य अतिथि ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सम्मानित किए जाने वाले लोगों में फखरूल इस्लाम फक्कन, नरेन्द्र सिंह, दिवाकर शर्मा, प्रकाश चन्द्र शामिल रहे। सम्मानित हुए लोगों की ओर से बोलते हुए शीतगृह संघ के निवर्तमान अध्यक्ष फखरूल इस्लाम फक्कन ने भी शीतगृह संघ के अध्यक्ष अमित दीक्षित को अपनी ओर से शुभकामनाएं दी।

         समारोह का प्रारंभ मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलन कर किया। इसके पश्चात मंचासीन मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। सहकारी शीतगृह संघ के अध्यक्ष अमित दीक्षित ने अपना स्वागत उद्बोधन दिया। शीतगृह संघ के सचिव शिवम सिंह ने संस्था की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। संस्थाध्यक्ष ने मंचासीन व्यक्तियों को प्रतीक चिन्ह प्रदान करते हुए उन्हे सम्मानित भी किया गया। मंच पर अन्य लोगों के अतिरिक्त जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष विद्याराम वर्मा व भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य अखिलेश पाठक व शीतगृह के डायरेक्टर्स मे0 विशुनदयाल शुक्ला, अनुराग अस्थाना, सर्वेश अवस्थी, सूर्यसेन पासी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर रसखान प्रेक्षागृह जिले भर से आए शीतगृह संघ के सामान्य सदस्यों के अतिरिक्त भाजपा के निवर्तमान अध्यक्षों सहित अनेक पदाधिकारियों व बुद्धिजीवियों से भरा रहा।