दिल्ली से आयी विवाहिता की घर पहुंचते ही बीमारी के चलते मौत

अभिषेक मिश्र :

बघौली, हरदोई – अहिरोरी ब्लाक के अंतर्गत गांव बसेन निवासी शोभा पुत्री बाबू राम निवासी की बुखार व खाँसी के चलते मौत हो गई ।

मिली जानकारी के अनुसार विवाहिता शोभा पुत्री बाबू दिल्ली में रहकर मेहनत मजदूरी करती थी । वह बृहस्पतिवार आज सुबह दिल्ली से वापस आई थी । लेकिन घर पहुंचते ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और बृहस्पतिवार को मौत हो गई ।

ग्रामीणों के अनुसार मृतका को सांस लेने में भी दिक्कत थी । खांसी और बुखार से हुई इस मौत से गांव में हड़कंप मच गया । ग्रामीणों ने आनन-फानन इसकी सूचना अहिरोरी के सीएचसी अधीक्षक डॉ मनोज सिंह व बेनीगंज कोतवाली में दी । सूचना पाकर बेनीगंज पुलिस और सीएचसी अधीक्षक डॉ मनोज सिंह एंबुलेंस के समेत मौके पर पहुंच गए और मृतका की जानकारी करने पर परिजनों ने बताया कि मृतका को 6 माह पहले दिल्ली में एक मरा हुआ बच्चा पैदा हुआ था, तभी से उसकी तबीयत खराब चल रही थी । उसका दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में काफी दिनों से इलाज चल रहा था । सीएचसी अधीक्षक डॉ मनोज सिंह के अनुसार उन्होंने मृतका के सारे एक्सरे वगैरह को देखने के बाद बताया कि मृतका को टीबी की बीमारी थी । जिससे उसकी तबीयत अक्सर खराब रहती थी और इसी बीमारी के चलते उसकी मौत हो गई ।

फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एहतियात के तौर पर मृतका के पूरे परिवार को होम क्वॉरेंटाइन करके सभी पारिवारिक सदस्यों के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए लखनऊ भेज दिए हैं।