संतान नहीं हुई तो महिला को मार डाला

हरदोई 07 फरवरी- हरपालपुर थाना क्षेत्र के गांव में महिला की मौत का समाचार मिलने पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनो पर महिला को संतान न होने व दहेज में भैंस व नगदी की मांग न पूरी होने पर मार डालने का आरोप लगाया है। शव का पोस्ब्टमार्टम कराया गया है। पुलिस ने ससुरालीजनो को हिरासत में लिया है। हालांकि ससुरालीजन बीमारी से मौत की बात कह रहे हैं। थाना क्षेत्र के गांव रायपुर में माधुरी (28) पत्नी सुधीर की मौत हो गई। जिसकी खबर माधुरी के मायके बिलग्राम थाना क्षेत्र के गन्नीपुरवा गांव निवासी पिता मोतीलाल को मिली। इसपर गुरूवार की सुबह मृतका का भाई सुबोध रायपुर पहुंच गया। उसने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि माधुरी की शादी 6 वर्ष पूर्व हुई थी। लेकिन उसके कोई संतान न होने पर ससुरालीजन उसके साथ मारपीट व प्रताडि़त करने लगे। इसके साथ ही महिला की सास, ससुर व पति की ओर से दहेज में भैंस व नगदी की मांग की जा रही थी। इसी के चलते ससुरालीजनो ने पिटाई करने के बाद माधुरी की हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनो के सुपुर्द कर दिया गया। इस संबंध में मृतका के ससुरालीजनो ने बताया कि सुधीर के भाई परमानंद का बुधवार की शाम तिलक हुआ। जिसमें माधुरी ने खाया खाया। इसके बाद उसको उल्टी शुरू हुई और जब तक उसको अस्पताल लाया जाता कि उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर उसके पति, सास, ससुर को हिरासत में लेकर पूंछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।