स्टाफ नर्स की लापरवाही से हुई महिला की मौत, 3 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप

Corruption Feature IV24

नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ नर्स की लापरवाही से हुई महिला की मौत

पति ने लगाया स्टाफ नर्स पर 3 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप

यूपी के कौशांबी जिले में सैनी थाना क्षेत्र अजुहा स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ नर्स की लापरवाही के चलते एक प्रसव पीड़िता की मौत का मामला प्रकाश में आया है। अगर प्रसव पीड़िता का स्टाफ नर्स तत्काल उपचार करने लगती तो महिला को काल के गाल में जाने से बचाया जा सकता है।

आपको बताते चलें कि सैनी थाना क्षेत्र के भरेठा बाग गांव निवासी लालता प्रसाद की पत्नी गुड़िया देवी उम्र लगभग 32 वर्ष को 3 फरवरी बुधवार की भोर में प्रसव पीड़ा के दौरान बच्चा घर पर तो पैदा हो गया लेकिन तेज ब्लीडिंग होने के कारण परिजनों ने आनन-फानन स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया। जहां कार्यरत गैर जिम्मेदार स्टाफ नर्स पूर्णिमा ने प्रसव पीड़िता का इलाज करने के पहले ₹3000 की रिश्वत की मांग की। घंटों परिजनों से कहती रही पैसा नहीं दोगे तो इलाज नहीं कर पाऊंगी। पति लालता प्रसाद किसी तरह ₹3000 का प्रबंध कर स्टाफ नर्स को दिया। स्टाफ नर्स ने मरीज को भर्ती कर इलाज करने लगी लेकिन महिला की हालत नाजुक होने पर उसने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने के पहले ही प्रसव पीड़िता ने दम तोड़ दिया। घटना होने से परिजनों में मातम छा गया। गमजदा परिजनों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कौशांबी का ध्यान प्रसव पीड़िता की मौत की जिम्मेदार स्टाफ नर्स के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।

कौशांबी से ब्यूरो रिपोर्ट