किसानों की यूरिया के बाद अब डीएपी खाद में आएगी मंदी

हरदोई- सरकार की ओर से किसानों को राहत देने की दिशा में प्रयास लगातार जारी है। इसी कड़ी में जहां यूरिया पर सरकार ने कीमतों को गिरा दिया है तो वहीं जल्दी ही डीएपी खाद पर भी मंदी का असर देखने को मिल सकता है।      

विगत 12 जनवरी को शासन की ओर से पत्र लिखकर सभी सरकारी उर्वरक विक्रय केन्द्रों को यूरिया खाद पर ंमूल्यों के गिरावट के संबंध में जानकारी दी। इसको लेकर किसानों को जहां कुछ हद तक राहत मिली। वहीं शासन के आदेश का अनुपालन करते हुए विभागीय अधिकारियों ने गिरे हुए दामों पर यूरिया बिक्री शुरू कर दी। बता दें कि इन दिनों रबी की फसल में किसानों को यूरिया खाद की आवश्यकता भी महती होती है। इसी के चलते सरकार ने इस निर्णय को लागू किया। जिसके अंतर्गत 45 किलोग्राम यूरिया की बोरी जो पहले 299 रूपए में मिलती तो अब इसका मूल्य 266 रूपए प्रति बोरी निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार 50 किलोग्राम की बोरी के दाम 327 से घटाकर 295 कर दिए गए हैं। किसानों की राहत को ध्यान में रखते हुए जहां सरकार ने यूरिया के मूल्यों में गिरावट करते हुए राहत पहुंचाने का कार्य किया तो वहीं डीएपी को लेकर किसान परेशान नजर आ रहा है। क्योंकि डीएपी के दाम विगत दिनो से लगातार ऊंचाइयां छू रहे थे। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने एक आदेश जारी किया जिसमें डीएपी खाद पर करीब 50 रूपए मूल्य घटाने का निर्णय लिया गया। संभवत डीएपी पर इस निर्धारित मूल्य को इसी माह के से जिले में लागू कर दिया जाएगा। जिससे जो किसान 1450 रूपए प्रति बोरी डीएपी खाद खरीद रहे थे तो उनको मात्र 1400 रूपए चुकाने होंगे। फिलहाल इसपर अभी विभागीय जिम्मेदार विचार-विमर्श कर रहे हैं।