हरदोई – हरपालपुर में चार दिन पहले हुई 7 साल की बालिका की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बालिका के पिता को आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार करते हुए जेल भेजा है।

हरपालपुर थाना इलाके के करनपुर मतनी में 31 जनवरी को यहां के रहने वाले रिजवान की 7 साल की पुत्री साहिब की गला काटकर हत्या कर दी गयी थी और उसका शव गांव से करीब 400 मीटर दूरी पर खेतों में झाड़ियों में पड़ा पाया गया था। बालिका का गला काटकर हत्या की गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया था।
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने जांच की तो पता चला कि बालिका का पिता रिजवान गैर प्रांत में रहता है। वह घटना के दो दिन पहले ही आया था और अपने गांव न जाकर रिश्तेदारी में चला गया। उसने इस बात की जानकारी परिजनों को भी नही दी थी। बताया कि उसने अपने घर से बेटी को ले जाकर उसकी हत्या कर दी। एसपी ने बताया कि उसने अपने दुश्मनों को फंसाने के लिए अपनी पुत्री का गला रेता था। हत्यारोपी पिता को पुलिस ने जेल भेज दिया है।