सड़क दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मृत्यु, स्वजन बेसहारा

कछौना, हरदोई। कोतवाली कछौना के अंतर्गत लखनऊ हरदोई मार्ग पर मन्ना पुरवा के पास सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मृत्यु से परिजनों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार लालू पुत्र प्रभु उम्र 25 वर्ष निवासी मतुआ कोतवाली कछौना हरदोई अपने बुआ के लड़के पिंकू पुत्र मेवालाल उम्र 20 वर्ष व वीरू पुत्र मेवालाल उम्र 25 वर्ष के साथ मोटरसाइकिल से शादी समारोह पचकोहरा के पास म्योनी गांव जा रहे थे। रविवार की रात मन्ना पुरवा के पास सामने से तेज गति से अनियंत्रित चौपहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें वीरू की मौके पर मृत्यु हो गई। 

घायलों को स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर लखनऊ ट्रामा सेंटर रिफर कर दिया गया, जहां पर इलाज के दौरान सोमवार को लालू की मृत्यु हो गई। पिंटू का इलाज चल रहा है। लालू प्राइवेट कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड का कार्य करता था। वीरू गुड़गांव में ट्रक ड्राइवर था। इस सड़क हादसे से परिवार के ऊपर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। इस दुर्घटना से शादी समारोह की खुशी काफूर हो गई।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता