आर्यन सिंह ने की सीएम योगी से मुलाकात 

          हरदोई- 3 महीनों की अथक मेहनत के बाद 4187 मीटर के रिबन पर भागवत गीता लिखकर अपना नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की दहलीज पर खड़े जिले के होनहार चौहान थोक मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय आर्यन सिंह ने बुधवार की सुबह प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर उनसे मुलाकात की। इस दौरान आर्यन सिंह के साथ छोटे मुख्यमंत्री के नाम से मशहूर महंत कौशलेंद्र गिरी भी मौजूद रहे।
               करीब एक घंटा 10 मिनट की मुलाकात के दौरान सीएम योगी ने आर्यन सिंह से जिले की तमाम गतिविधियों से जुड़ी जानकारियां प्राप्त की और आर एन सिंह के द्वारा रिबन पर भागवत गीता लिखकर रचे गए इतिहास पर उन्हें बधाई दी। सीएम योगी ने मुलाकात के दौरान आर्यन सिंह के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया। सीएम योगी से मुलाकात के दौरान आर्यन सिंह ने हरदोई के जिलाधिकारी पुलकित खरे के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने सीएम योगी को बताया कि हरदोई जिले में पहली बार कोई ऐसा डीएम आया है जो युवाओं को आगे बढ़ाने का काम कर रहा है।
        आर्यन सिंह ने सीएम योगी से कहा कि वह उन्हें अपना गुरु मानते हैं इसलिए वह उन्हें अपने शिष्य के रूप में आशीर्वाद प्रदान करने का कष्ट करें और उन्हें भविष्य में भी अपना आशीष प्रदान करते रहें। आर्यन सिंह के द्वारा खुद को अपना गुरु बनाए जाने पर सीएम योगी ने उनसे कहा कि वह हर पल उनके साथ हैं और समाज को सकारात्मक दिशा व सनातन धर्म को आगे बढ़ाने के लिए जो भी प्रयास उनके द्वारा किए जाएंगे उसमें वह बढ़ चढ़कर हर संभव सहयोग करेंगे।सीएम से मुलाकात के दौरान आरएन सिंह ने महंत कौशलेंद्र गिरी जी से भी आशीर्वाद लिया।
         मुलाकात के दौरान आर्यन ने सीएम योगी को अपने आवास पर आने के लिए आमंत्रित किया जिस पर सीएम ने कहा कि समय आने पर वह उनके आवास पर अवश्य आएंगे और उन्हें आशीर्वाद देंगे सीएम ने उन्हें भरोसा दिया कि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने के लिए जो भी सहयोग सरकार व उनके द्वारा संभव होगा अवश्य किया जाएगा और उन्हें हर प्रकार से मदद की जाएगी।