हरदोई- कचेहरी परिसर में असलहा व बांका लेकर जाना दो लोगों को भारी पड़ गया है।एक अधिवक्ता ने खुद पर जानलेवा हमले का आरोप लगाकर हंगामा खड़ा कर दिया तो वकीलों ने दोनों को पकड़ लिया लिया और असलहा व बांके के साथ पुलिस के हवाले कर दिया।अधिवक्ता ने आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट शहर कोतवाली में दर्ज कराई है।कचहरी में असलहे व बांके लेकर पहुंचने से न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की पोल भी खुल गयी है।हालांकि एसपी ने मामले में कार्यवाई किये जाने की बात कही है।
कचहरी परिसर में उस समय हड़कम्प मच गया जब राइफल व बांका धारी दो युवक कचहरी में दाखिल हो गए।यह देखकर वहां अफरा तफरी मच गई।यहां सिविल कोर्ट में वकालत कर रहे अधिवक्ता राघवेंद्र सिंह पुत्र रामपाल सिंह निवासी नाऊपुरवा बिलग्राम जो कि अपने साथी वकील रामपाल यादव को कलेक्ट्रेट कैम्पस में बुलाने जा रहे थे को दोनों ने घेर लिया तो हंगामा मच गया।खुलेआम हुई इस घटना से अफरा तफरी मच गई तो आसपास के वकीलों ने दौड़कर दो लोगों को रायफल व बांके के साथ पकड़ लिया।इधर मामले की जानकारी होते ही हड़कम्प मच गया तो शहर कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और दोनों को हिरासत में ले लिया।
इस मामले में अधिवक्ता राघवेंद्र सिंह ने पकड़े गए राजकुमार व अनिकेश के साथ सुरेश ब्रजकांत केशकान्त विजयपाल निवासी नाऊपुरवा बिलग्राम के विरुद्ध जान से मारने की नीयत से घेर लेना रायफल तान देना व धमकाने की तहरीर शहर कोतवाली पुलिस को दी।एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले में कार्यवाई की जा रही है।बताया कि राजकुमार बिलग्राम में कुछ दिन पहले हुए एक मामले के मुकदमे का वादी है और वह किसी दूसरे का असलहा लेकर पहुंचा था।हालांकि न्यायालय सुरक्षा को लेकर यहां एक पुलिस चौकी स्थापित है उसके बाद भी असलहा व बांका लेकर लोग कैसे पहुंच गए इस बात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।