- सीओ बघौली को सौंपी गई मामले की जांच
- युवक को छोड़ने के बदले लिए थे 42 हजार रुपये
- इंस्पेक्टर के नाम 40 हजार व 2 हजार ऑफिस खर्च के नाम पर वसूली का ऑडियो ।
खाकी पर युवक को छोड़ने के बदले परिजनों से 42 हजार रुपये लेने का सिपाही का ऑडियो वायरल हो रहा है।यह ऑडियो रुपये देने के दौरान परिजनों ने रिकार्ड किया था।मामले में पीड़ित परिजन एसपी के पास पहुंचे और सिपाही के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की।मामले की जांच सीओ बघौली अखिलेश राजन को सौंपी गई है।
मामला हरदोई के कोतवाली कछौना क्षेत्र के कस्बा रेलवेगंज का है।यहां की पीड़िता सरस्वती अपने पौत्र के साथ एसपी के पास पहुंची और कस्बे में तैनात सिपाही त्रयम्बक दत्त गौड़ के विरुद्ध उसके पुत्र को बेवजह पकड़ने व छोड़ने के नाम पर 42 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया और एक ऑडियो दिया।
इस ऑडियो में आरोपी सिपाही की आवाज रिकार्ड है जिसमे वह कह रहा है कि वह 42 हजार रुपये से कम नही लेगा क्योंकि 40 हजार इंस्पेक्टर के और 2 हजार रुपये ऑफिस के देने है।महिला ने सिपाही पर अन्य तरीकों से भी प्रताड़ित करने व कई मामलों में धमकाने का आरोप लगाया है।एसपी विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जांच सीओ बघौली अखिलेश राजन की सौंपी गई है जांच के बाद कार्यवाही की जाएगी।