पशु चिकित्सा के डिग्रीधारी चिकित्सकों ने समायोजन हेतु दिया धरना

बीते दिन लखनऊ के इको गार्डेन स्थित धरना स्थल पर बेरोजगार वेटनरी साइन्स के डिग्रीधारी चिकित्सकों ने धरना दिया था । धरना कार्यक्रम के अगुवा और बेरोजगार पशु चिकित्सक समुदाय के संयोजक डॉ. अभिषेक प्रताप सिंह ने कहा कि नियमों के अनुसार 5000 पशुओं पर एक चिकित्सक की नियुक्ति करनी चाहिए । आंकड़ों के आधार पर प्रदेश में लगभग 7 करोड़ पशु हैं लेकिन आनुपातिक नियुक्ति को देखने से सरकार की कथनी और करनी को जाना जा सकता है ।

डॉ. दीपक सिंह ने कहा कि सरकार ने बजट में 770 सचल पशु चिकित्सा वाहनों के लिए मद की व्यवस्था की है । नियमानुसार इन पर हम लोगों की नियुक्ति होनी चाहिए । लेकिन सरकार सिर्फ कागजी घोड़े दौड़ा रही है । डॉ. धीरेन्द्र राजपूत और डॉ. गुलाब ने कहा कि सरकार हण डिग्रीधारियों के साथ इस तरह अन्याय नहीं कर सकती है । याद रहे इस सरकार ने युवाओं को रोजगार देने का वादा कर ही हम सब से वोट लिया है और मौका फिर आएगा । डॉ. रॉबिन यादव, डॉ. उमेश शर्मा और डॉ. अंकुर ने कहा कि सरकार ने हमारी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो हम सब अनशन करेंगे । डॉ. रचित सिंह ने कहा कि सरकार को हम पशु चिकित्सकों की मांगो को मानना ही होगा और यदि सरकार ऐसा नहीं करती है तो उसे गम्भीर परिणाम भुगतने होंगे । सोचने वाली बात है कि योगी सरकार ने अब तक युवाओं को बरगलाने के अलावा उन्हें नौकरी देने की दिशा में कुछ भी नहीं किया है ।