बघौली थानाध्यक्ष ने सड़क-सुरक्षा के नियमों व आत्मरक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

कछौना (हरदोई): विकासखंड कछौना के ग्रामसभा पुरवा में स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में थानाध्यक्ष बघौली महेश पाल सिंह द्वारा नौनिहाल बच्चों को यातायात व सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में जागरूक किया गया।

थानाध्यक्ष महेश पाल सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में सड़क दुर्घटनाओं के कारण हादसे बढ़ते जा रहे हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार देश में प्रत्येक वर्ष 5 लाख सड़क दुर्घटनाओं से 1.5 लाख लोगों की असमय मृत्यु हो जाती है। इसका मुख्य कारण यातायात नियमों की अनदेखी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि हमेशा सड़क-सुरक्षा नियमों का पालन करें। जिससे अपने जीवन के साथ दूसरे लोगों के जीवन की रक्षा होती है। थानाध्यक्ष ने मुख्य यातायात नियम के पालन की नौनिहाल बच्चों से अपील की। कम उम्र के बच्चे वाहन का प्रयोग कदापि न करें। हेलमेट का सदैव प्रयोग करें। तेज गति व स्टंट न करें। आजकल युवाओं में तेज गति व स्टंट का काफी क्रेज हो गया है। जिससे वह असमय अपना जीवन गवा देते हैं या जीवन भर के लिए अपंग हो जाते हैं। वाहन की छत पर लटक कर सवारी कदापि न करें। वाहन चलाते समय शराब का प्रयोग कभी न करें। वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात व ईयरफ़ोन का प्रयोग कदापि न करें जोकि ध्यान बंटने के कारण दुर्घटना का कारण बनती है। सड़क-सुरक्षा संबंधी संकेतों का सदैव ध्यान रखें व पालन करें। एक महत्वपूर्ण बात यह है कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति को मानवता के लिए इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवा 108 पर कॉल करके नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाने का कदम उठाएं। हम सबके सुरक्षित सफर हमारे हाथ में हैं। दुर्घटनाओं में इजाफा रोकने के लिए हम सबकी भागीदारी आवश्यक है। महिला कांस्टेबल रूबी ने छात्राओं को अपनी सुरक्षा के उपाय बताए। इस अवसर पर प्रधानाचार्य शैलेंद्र कुमार बाजपेई, सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र कुमार, शिव शर्मा, मुकेश पाल, विनय राठौर, आशीष सिंह, गणमान्य व्यक्ति व ग्राम प्रधान मौजूद रहे।