हरदोई में बकरीद का त्योहार बुधवार को अकीदत के साथ मनाया जा रहा है। नमाज के बाद कुर्बानी की अदायगी की जा रही है। उलमाओं ने कहा कि कुर्बानी के जज्बे को याद रखें। क्योंकि अल्लाह को बंदों की नीयत पर नजर है। लोगों ने ईदगाह में गले-मिल कर एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। इस दौरान डीएम पुलकित खरे और एसपी विपिन मिश्र के साथ सिटी मजिस्ट्रेट वंदिता श्रीवास्तव भी मौजूद रही तो नगर पालिका अध्यक्ष सुख सागर मिश्र मधुर भी इंतजामात देखते रहे। बाढ़ पीड़ितों के लिए दुआएं भी मांगी गईं। मुल्क की तरक्की और भाईचारा कायम रखने पर जोर दिया गया।
बुधवार को फजिर की अजान फिजा में गूंजते ही घरों में तैयारियां शुरू हो गई। मस्जिदों में नमाज अदा की गई इसके बाद घर पहुंचकर तैयारियों में जुट गए। नहा-धोकर कुर्ता पाजामा पहना, टोपी और इत्र लगाया। सुबह 7.30 बजे से ईदगाह में पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ जो नमाज के शुरू होने तक जारी रहा। जगह नहीं मिलने पर छत पर नमाज अदा की गई। उलेमाओं ने तकरीर में कहा कि हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम की सुन्नत को याद करें। इस पर हर हाल में अमल करें। कहा कि कुर्बानी का त्योहार केवल बकरों का जिब्ह नहीं है। बल्कि अल्लाह की रजा के लिए हर तरह की कुर्बानी के लिए तैयार रहने का संकेत है।कहा कि कुर्बानी एक अच्छा अमल है, इसे जिंदगी में उतारें ताकि दूसरे लोगों को आसानी रहे।
बकरीद पर व्यवस्था का जायजा लेने डीएम पुलकित खरे और एसपी विपिन कुमार मिश्र ईदगाह पर पहुंचे। उन्होंने बकरीद की मुबारकबाद दी। कहा कि कुर्बानी का जज्बा रखें उनके अलावा नेता भी ईदगाह और जामा मस्जिद इलाके में पहुंचे। उन्होंने गले मिल कर बधाई दी। वही सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन और पुलिस अलर्ट रहा।