हरदोई- लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2019 में ईवीएम तथा वीवी पैट की कार्यप्रणाली के सम्बन्ध में जागरुकता एवं प्रशिक्षण के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत निर्वाचन हेतु नामित प्रभारी अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी पुलकित खरे ने कहा कि अधिकारी निर्वाचन के मूड में आ जाये और जिन्हें जो जिम्मेदारी दी जा रही है उनका निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुसार करने की शपथ लें।
उन्होने निर्देश दिये कि सभी नोडल अधिकारी निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों को पढें और उसी के अनुसार अपने साथ लगे सहायकों के सहयोग से कार्य को अन्जाम दें। श्री खरे ने कहा कि प्रभारी अधिकारियों को चुनाव से संबंधित लगभग सभी कार्यो की जानकारी होनी चाहिए इस लिए भी अधिकारी ईवीएम व वीवी पैट के सम्बन्ध में भली प्रकार जानकारी प्राप्त कर लें ताकि किसी भी समय कोई भी कार्य के लिए नोडल अधिकारी बनाया जा सकता है।
उन्होने कहा कि प्रभारी अधिकारी चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने तक अपने मोबाइल नम्बर नहीं बदलेगें और किसी प्रकार की समस्या होने पर निर्वाचन कार्यालय के टेलीफोन नम्बर 05852-234407 या 234075 पर बता सकते है, इसके अलावा निर्वाचन आयोग के टोल फी नम्बर 1950 पर आने वाली चुनाव से सम्बन्धित समस्त शिकायतों का निस्तारण दिये गये समय पर करना अनिवार्य होगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने खान-पान, स्टेशनरी, बैलेट पेपर, स्वीप सेल, टेण्ट फर्नीचर, टेलीविजन, टेलीफोन, पेड न्यूज, एमसीएमसी, विद्युत आदि होने वाली व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में प्रभारी अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की। बैठक में अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने भी प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिये कि निर्वाचन के सम्बन्ध में दी गयी समस्त जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभायें। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रभारी अधिकारियों द्वारा ईवीएम व वीवीपैट का लिए जा रहे प्रशिक्षण को भी देखा। बैठक में ज्वाईंट मजिस्ट्रेट एकता सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 एसके रावत, जिला विकास अधिकारी राजित राम मिश्रा, उप निदेशक कृषि डा0 आशुतोष कुमार मिश्रा, सहायक निदेशक सूचना कुमकुम शर्मा, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अमित कुमार मिश्रा सहित अन्य सभी प्रभारी अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर आदि मौजूद रहे।