कांग्रेस और कैम्ब्रिज अनेलिटिका के बीच संबंध होने पर भारतीय जनता पार्टी ने उठाया सवाल

कांग्रेस और कैम्ब्रिज अनेलिटिका के बीच संबंध होने पर भारतीय जनता पार्टी ने सवाल उठाया है। यह कम्‍पनी डाटा आधारित है। कई देशों के चुनावों में कंपनी पर अवैध रूप से दबाव डालने और फेसबुक से व्‍यक्तिगत सूचनाएं इकट्ठा करने का आरोप है। भाजपा नेता और केन्‍द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने नई दिल्‍ली में कांग्रेस द्वारा लोकसभा के अगले चुनाव में इस कम्‍पनी की सेवाएं लेने और कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी की छवि सुधारने के बारे में मीडिया की खबरों का हवाला दिया।

श्री प्रसाद ने कहा कि इस कम्‍पनी पर चुनावों को प्रभावित करने के लिए घटिया तौर-तरीके अपनाने और फर्जी समाचारों के इस्तेमाल के आरोप हैं। उन्‍होंने कांग्रेस से सवाल किया कि क्‍या वह भी इसी रास्‍ते पर चलने की योजना बना रही है। जिस तरह के रास्‍तों को वो अपनाते हैं, सेक्‍स, स्‍लीक एण्‍ड फेक न्‍यूज, क्‍या कांग्रेस पार्टी हिन्‍दुस्‍तान के वोटरों को प्रभावित करने के लिए इनके माध्‍यम से वही रास्‍ते श्री प्रसाद के पास कानून और सूचना प्रौद्योगिकी का प्रभार भी है। उन्‍होंने फेसबुक को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी भारतीय से संबंधित सूचना का दुरूपयोग किया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर खुले विचारों के सम्‍प्रेषण का भी समर्थन करते हैं, लेकिन सोशल मीडिया का दुरूपयोग, अवांक्षनीय तरीकों से चुनाव को प्रभावित करने के प्रयास को न तो हम टॉलरेट करेंगे, और न ही उसे परमिट करेंगे।

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि वह इस कंपनी के आरोपों की जांच करायेगी। नई दिल्‍ली में आज पार्टी प्रवक्‍ता संबित पात्रा ने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से लेगी। राहुल गांधी जी आप अगर सोच रहे थे कि इस प्रकार डाटा की चोरी करके आप बच जाएंगे, आप जानिए कि इसकी जांच होगी, सरकार इसकी जांच कराएगी, श्री संबित पात्रा ने इस आरोप को गलत बताया कि भाजपा ने 2014 में लोकसभा चुनाव के समय इस कम्‍पनी की सेवाएं ली थी। श्री पात्रा ने कांग्रेस पर राजनीतिक फायदे के लिए लोगों की निजी जानकारियां चुराने का आरोप लगाया।

उधर, कांग्रेस ने आंकड़ों में हेरा-फेरी की आरोपी कंपनी कैम्ब्रिज अनेलिटिका के साथ संबंध होने के आरोप का खंडन किया है। नई दिल्ली में पार्टी नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस ने इस कंपनी की सेवाएं किसी भी रूप में कभी भी इस्तेमाल नहीं की। भारतीय राष्‍ट्रीय कांग्रेस या कांग्रेस अध्‍यक्ष ने कभी कैम्‍ब्रिज अनेलिटिका नाम कि किसी कंपनी की सर्विसेज हायर नहीं की। यह एक और झूठ का पुलिंदा है जो झूठे कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद जी झूठा एजेंडा देश के सामने पेश करने के लिए आए दिन परोस रहे हैं।