सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश और गुजरात में फिर सरकार बनायेगी। एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए राजस्थान के जयपुर गए, अनुराग सिंह ठाकुर ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि देश में धर्मांतरण की बढ़ती घटनाएं चिंता की बात है। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने भी इस पर चिंता व्यक्त की है। इस बारे में एक सवाल के जबाव में सूचना और प्रसारण मंत्री ने कहा कि ऐसे मामलों में राज्य सरकारों को भी उचित कार्रवाई करनी चाहिए।
राजस्थान में कानून और व्यवस्था की स्थिति से सम्बन्धित प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि राजस्थान में दो नेताओं के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंदिता राज्य को नुकसान पहुंचा रही है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि राजस्थान में महिलाओं, दलितों और वंचितों पर अत्याचार के मामले बढ़ रहे हैं।